दिल्ली पुलिस की छापेमारी में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्टरी का भंड़ाफोड़ मेरठ से दिल्ली और अन्य जिलों में सप्लाई हो रही थी अवैध हथियारों की खेप दिल्ली में पकड़े गए बदमाश की निशानदेही पर मेरठ में मारा छापा
मेरठ ( meerut news ) आगामी पंचायत चुनाव को लेकर वेस्ट की धरती मेरठ में जबरदस्त तैयारियां चल रही थी। जिले में अवैध हथियारों की फैक्टरी में मौत का सामान बनाया जा रहा था। इस माैत के सामान को पंचायत चुनाव से पहले वेस्ट में उतारने की तैयारी थी। इससे चुनावी माहाैल में खून-खराबे की आशंका है।
मेरठ ( Meerut ) में चल रहे इस खेल का खुलासा दिल्ली में पकड़े गए बदमाश से पूछताछ के बाद हुआ। पूछताछ के बाद दिल्ली से लेकर मेरठ तक पुलिस के कान खड़े हो गए। मेरठ में बन रहे अवैध हथियार दिल्ली के अलावा मेरठ और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में सप्लाई किए जा रहे थे। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस ने जिले में दो स्थानों पर छापेमारी कर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी हैं। फैक्ट्री से दिल्ली पुलिस को भारी मात्रा में बने और अधबने अवैध तमंचे और उनके बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-मेरठ से चार आरोपी पकड़े। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनके पास पंचायत चुनाव केा लेकर बड़ा आर्डर प्राप्त था।
बता दें कि दिल्ली में थाना शाहबाद डेयरी पुलिस ने पिछले दिनों शुभम उर्फ मोटा को दो तमंचे सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने मेरठ के आजम उर्फ पप्पू से तमंचा सप्लाई होने की बात कुबूली। शुभम की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस ( Delhi police ) ने आजम के लाड़पुरा गांव स्थित ठिकाने पर छापा मारा। आजम को गिरफ्तार कर उससे 4 तमंचे व 4 कारतूस बरामद किए। इसके अलावा हथियार बनाने में प्रयुक्त औजार भी मिले हैं।
आजम ने पूछताछ में बताया कि वह गोला-बारूद की आपूर्ति कमरे आलम निवासी गांव राधना से लेता है। पूछताछ में मोहम्मद आजम ने बताया कि वह लिसाड़ी गेट के फतेउल्लापुर निवासी मोहम्मद इलियास के साथ पिछले कई साल से अवैध हथियार बना रहा है।