30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘सीएम योगी’ पर टिप्पणी की मिली ऐसी सजा: थाने से लंगड़ाते हुए निकला 70 साल का एहसान, बोला- साहब गलती हो गई

Meerut Crime News: यूपी के मेरठ में बकरीद के दिन पीएम मोदी और सीएम योगी पर टिप्पणी करने वाले 70 साल के एहसान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाने में कान पकड़कर माफी मांगता और लंगड़ाता हुआ नजर आया। जानिए क्या है पूरा मामला।

2 min read
Google source verification

मेरठ

image

Mohsina Bano

May 30, 2026

Meerut news, UP Police, CM Yogi, comment on CM Yogi, Meerut viral video, UP news

थाने से लंगड़ाता हुआ बाहर आया 70 साल का एहसान (Photo- Patrika)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी करने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाने में पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया। जब पुलिस उसे मीडिया के सामने लेकर आई तो वह लंगड़ा कर चल रहा था। उसने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि उससे गलती हो गई है और अब भविष्य में ऐसा कभी नहीं होगा। आज यानी शनिवार को पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी।

बकरीद के दिन की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

यह पूरा मामला 28 मई यानी बकरीद के दिन का है। आरोपी का नाम एहसान है जो, रेलवे रोड स्थित ईदगाह से नमाज पढ़कर बाहर निकला था। बाहर मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान उसने कहा था कि, ये हमसे वंदे मातरम के लिए कह रहे हैं। अल्लाह बड़ा है। मोदी, शाह और योगी बड़े नहीं है। ये महाराज कहां के हैं। इन पर कई मुकदमे चल रहे हैं। इस दौरान आसपास खड़े 10 से 12 लोग उसकी बातों पर जोर-जोर से ठहाके लगा रहे थे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई।

लंगड़ाता हुआ थाने से बाहर निकला आरोपी

वायरल वीडियो की जांच करने के बाद मेरठ पुलिस ने देहली गेट इलाके के रहने वाले आरोपी एहसान को 29 मई की शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, एहसान पेशे से कबाड़ का काम करता है। पुलिस की गिरफ्त में आते ही आरोपी का बर्ताव पूरी तरह से बदल गया और वह थाने में अपने किए पर पछतावा जताने लगा। पूछताछ में उसने बताया कि उसने गुस्से और तैश में आकर ऐसा बयान दे दिया था। जब पुलिस उसे थाने से बाहर लेकर आई तो वह साफ तौर पर लंगड़ाकर चलता दिखा।

सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि, 29 मई को एक वीडियो सामने आया। जिसके बाद वीडियो की जांच करके टीमों का गठन किया गया था। इस पूरे मामले में समाज का माहौल बिगाड़ने और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का अपमान करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला

गौरतलब है कि इससे पहले इस साल मार्च महीने में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था। जिसमें मौलाना अब्दुल सलीम चतुर्वेदी ने सीएम योगी की मां को लेकर मंच से अपशब्द कहे थे। घटना के बाद उसे यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर बहराइच पुलिस को सौंपा था, जिसके बाद वह भी जेल जाते समय बुरी तरह लंगड़ाता हुआ नजर आया था। उस मौलाना ने भी बाद में एक वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर अपनी गलती मानी थी और सीएम योगी से माफी मांगी थी।