rape in meerut श्रीनगर में तैनात सेना के एक जवान ने बीए की छात्रा को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि उसने थाने में कई बार तहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद वो एसएसपी से मिली। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की जांच के बाद रिपोर्ट कर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
rape in meerut फौजी ने बीए की छात्रा से पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित छात्रा की तहरीर पर मेडिकल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसके बयान भी दर्ज कर लिए। कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र निवासी छात्रा ने बताया कि कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिये एक युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। उसने खुद को फलावदा निवासी बताया था। वह सेना में जवान है,जिसकी तैनाती श्रीनगर मेें है। मई में वह छुट्टी पर आया था। फोन कर मिलने के लिए बुलाया।
शादी का झांसा देकर मेडिकल क्षेत्र के एक होटल मेें उसके साथ दुष्कर्म किया। उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली थी। शादी से इन्कार कर रहा है। वह 15 दिन से कार्रवाई के लिए भटक रही थी। मामला अधिकारियों तक पहुंंचा तो शुक्रवार को आरोपी फौजी के खिलाफ मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। थाना प्रभारी संत शरण सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पीड़िता के बयान भी दर्ज कर लिए। उसका मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराये जाएंगे। साथ ही जवान पर कार्रवाई के लिए सेना के अफसरों से सम्पर्क किया जा रहा है।
वहीं बताया जा रहा है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फौजी अब छात्रा के परिजनों पर समझौते का दबाव बना रहा है। छात्रा ने बताया कि फौजी उसको फोन कर समझौते के लिए कह रहा है। छात्रा का आरोप है कि फौजी फोन कर रिपोर्ट वापस लेने और शादी की बात कर रहा है। वहीं सेना के अफसरों ने भी छात्रा से संपर्क कर इस पूरे मामले की जानकारी ली है।