
मेरठ। शहर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सराय मोहल्ले में दो पक्षों में जमकर फायरिंग और पथराव हुआ जिसमें 12 लोग घायल हो गए। एक पक्ष के घर को फूंक डाला। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मामले को शांत किया।
सराय निवासी अनीरुद्दीन और नदीम पक्ष में पिछले तीन साल से रंजिश चली आ रही है। सोमवार को अनीरुद्दीन के बेटे जीशान और नदीम के भाई शादाब की अपने घर के सामने नोकझोंक हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और जमकर पथराव हुआ। दोनों पक्ष हथियार लेकर सड़कों पर आ गए। आमने-सामने फायरिंग में 3 लोगों को गोली लग गई जबकि पथराव से दर्जनभर लोग घायल हो गए। नदीम पक्ष के लोग ने अनीरुद्दीन के घर में घुसकर आग लगा दी।
शहर में लॉक डाउन होने के कारण पुलिस सड़कों पर थी। उसके बावजूद भी घटना पर पहुंचने में पुलिस को काफी देरी लगी, जिससे घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पड़ताल की जा रही है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण ने बताया कि 2017 के दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी इसी को लेकर आज विवाद हुआ है।