मेरठ

पहले 21 दिन के बेटे को जमीन पर पटक कर मार डाला… जेल से जमानत पर छूटा तो कर दी मां की हत्या

मेरठ में हैरान करने वाली वारदात—21 दिन के बेटे का कातिल जमानत पर बाहर आया और अब मां की ही गला दबाकर हत्या कर दी। दिनभर शव के पास बैठा रहा। लोगों को हार्ट अटैक की झूठी कहानी सुनाता रहा। अंत में पोल खुल ही गई।

2 min read
Mar 29, 2026
फाइल फोटो पत्रिका

मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी ही मां की गला दबाकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद वह शव के पास बैठा रहा। और लोगों को दिल का दौरा पड़ने की झूठी कहानी सुनाता रहा। 21 दिन के बेटे की हत्या के आरोप में अभी वह हाल में ही जमानत पर छूट कर जेल से बाहर आया था।

मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गढ़ी की गढ़ी कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। यहां एक बेटे ने गुस्से में आकर अपनी ही मां की जान ले ली। बताया जा रहा है कि संजय दास नाम का युवक हरिद्वार में काम करता था और दो दिन पहले ही घर लौटा था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उसकी अपनी मां निर्मला देवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामूली विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर संजय ने अपनी मां का गला दबा दिया। वह तब तक नहीं रुका जब तक उनकी सांसें थम नहीं गईं।

पूरे दिन शव के पास बैठाकर लोगों को करता रहा गुमराह

वारदात के बाद संजय वहीं बैठा रहा और पूरे दिन आसपास के लोगों को गुमराह करता रहा। वह सभी को बताता रहा कि उसकी मां की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि लोगों को उसकी बात पर पूरी तरह भरोसा नहीं हुआ। लेकिन किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना भी नहीं दी। रात होते-होते किसी ने हिम्मत जुटाकर यूपी-112 पर कॉल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संजय को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पूछताछ में संजय ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

बेटे की हत्या के आरोप में कुछ दिन पहले जमानत पर छूटा था

इस घटना ने इसलिए भी लोगों को और ज्यादा हैरान कर दिया क्योंकि यह पहली बार नहीं था। करीब डेढ़ साल पहले भी संजय ने अपने ही मासूम बेटे की हत्या कर दी थी। उस मामले में जेल जाने के बाद वह कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था। और फिर हरिद्वार में काम करने लगा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती संवेदनहीनता और गुस्से के खतरनाक अंजाम को सामने ला दिया है।

Published on:
29 Mar 2026 09:25 am
Also Read
View All

अगली खबर