
मेरठ. मेरठ जिले के इतिहास में पहली बार नलकूप ऑपरेट करने की कमान अब महिलाओं के हाथों में होगी। मेरठ डिवीजन में 31 नलकूप ऑपरेटरों का चयन हुआ है, जिसमें से 9 महिलाएं शामिल हैं। इन महिलाओं को सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वीडियो काफ्रेंसिग के माध्यम से बात कर उत्साहवर्धन किया। डीएम के बालाजी ने 24 नवनियुक्त ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र सौंपा है। नियुक्ति पत्र देने के समय डीएम ने कहा कि यह मिशन शक्ति है। अच्छी तरह से ट्रेनिंग लें और गांवों में सिंचाई के लिए नलकूप चलाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वीडियो कांफ्रेंसिंग से नवचयनित नलकूप चालकों को संबोधित किया।
प्रदेश स्तर पर बुधवार को नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से नवचयनित नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। पहली बार बड़ी संख्या में नलकूप चालक के पद पर महिलाओं का चयन हुआ है। हर जिले में महिलाओं ने इसमें दिलचस्पी दिखाई। मेरठ जिले में ही कुल 31 अभ्यर्थियों का नलकूप चालक के पद पर चयन हुआ है। उनमें से 24 को बुधवार को एनआईसी में नियुक्ति पत्र डीएम के हाथों दिया गया। 24 में से नौ महिलाएं भी नलकूप चालक बनी हैं।
नलकूप विभाग के एक्सईएन कुमार गौरव ने बताया कि जिले में ऐसा पहली बार है कि नलकूपों का संचालन महिला ऑपरेटर करेंगी। निश्चित तौर से यह बहुत अच्छी बात है। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं। एनआईसी में आयोजित कार्यक्रम में डीएम के बालाजी, सीडीओ ईशा दूहन, नलकूप के एसई अरविन्द कुमार यादव, एक्सईएन कुमार गौरव आदि मौजूद रहे।