मेरठ

वेस्ट में छाया कोहरा मेरठ सहारनपुर मुजफ्फरनगर में शिमला से अधिक ठंड

कोहरे में सावधान रहने की जरूरत हाईवे पर बढ़ी दुर्घटनाएं मौसम विभाग की चेतावनी अब आगे और बढ़ेगी ठंड शिमला में 9 तो मेरठ में रहा 8.5 डिग्री न्यूनतम तापमान

2 min read
Dec 09, 2020
fog
प्रतीकात्मक फाेटाे

पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
मेरठ ( weather news ) अगर आप ठंड की इंतजार कर रहे थे तो आपको अब शिमला या मसूरी जाने की आवश्यकता नहीं है। वेस्ट यूपी में तापमान शिमला से भी कम हो गया है। अचानक मौसम के मिजाज में आये बदलाव ने वेस्ट यूपी को ठंडा कर दिया है। एक दिन की ठंड ने ही लोगों के हाड़ कंपा दिए हैं।

पिछले 48 घंटे में मौसम में आये इस बदलाव को देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे ठंड की चादर ने वेस्ट को लपेट लिया है। पिछले 48 घंटे में तापमान में तेजी से गिरावट आयी है। उदाहरण के तौर पर अगर मेरठ शहर को लिया जाए तो सोमवार को मेरठ का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो न केवल स्वाभाविक से तीन डिग्री कम है। मेरठ से अधिक न्यूनतम तापमान तो शिमला का रहा जहां तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

यह इस मौसम में सबसे ठंडे दिन का रिकॉर्ड भी बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और अधिक कमी आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एन सुभाष ने बताया कि आगामी 10 दिसंबर के बाद ठंड अपने पूरे तेवर में होगी। दिसंबर और जनवरी दो महीने में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक जा सकता है उन्होंने यह भी बताया कि तापमान पिछले सालों का रिकार्ड तोडे़गा।

मोदीपुरम कृषि विश्वविद्यालय स्थित मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल शहर का तापमान ऐसा ही बना रहेगा। अभी लोगों को कड़ाके की इस ठंड से छुटकारा मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने इससे भी जबरदस्त ठंड की आशंका जताई है। आने वाले कुछ दिनों में मेरठ और वेस्ट यूपी में बर्फीली हवाएं भी चलने की आशंका जताई गई है।

कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की रफ्तार पर कोहरे का असर काफी दिखाई दिया। वाहन चालक वाहनों की लाइट के सहारे हाईवे पर चलते नजर आए। हाईवे पर सीरियल दुर्घटनाएं भी हो रही है ऐसे में ट्रैफिक विभाग ने लोगों को सचेत रहकर सावधानी से वाहन चलाने की हिदायत दी है।

Published on:
09 Dec 2020 10:08 pm