बजरंग दल के कार्यकर्ताआें ने हंगाम किया, आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर
मेरठ। मेरठ जिले में पुलिस अभी नंगलाशेखू में हुई गोकशी के आरोपियों का सुराग लगाने में नाकाम रही है कि 24 घंटे के भीतर ही गोकशी की दूसरी घटना ने जिले को दहला दिया। इससे हिन्दूवादी संगठनों में रोष फैला हुआ है। दूसरा मामला थाना सरूरपुर के खिवाई गांव का है। 24 घंटे के भीतर गोकशी की इस दूसरी घटना से पुलिस अफसरों के होश उड़ गए हैं।
बजरंग दल के कार्यकर्ताआे ने लगाया जाम
शनिवार की सुबह सरूरपुर के खिवाई गांव में गोकशी से गुस्साए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगा जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सीओ ने 12 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए बजरंगियों को शांत किया। बजरंग दल कार्यकर्ता ने कई को नामजद करते हुए तहरीर दी है। बजरंग दल के संयोजक मिलन सोम ने बताया कि देर रात गोकशों ने खिवाई निवासी रामदर्शन के घर के बाहर खड़ा उसका बैल चोरी कर लिया। बैल को तलाशते ग्रामीण गांव में स्थित राकेश के खेत के निकट पहुंचे तो देखा कि वहां उसके कुछ अवशेष पड़े थे।
ग्रामीणों को देखते ही आरोपी फरार
ग्रामीणों को देखते ही गोकशी कर रहे कुछ लोग गो अवशेष और गोकशी के औजार छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बड़ौत मार्ग पर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीओ सरधना संतोष कुमार और एसओ सरूरपुर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गोकशी के आरोपियों के नाम बताते हुए उनकी गिरफ्तारी न होने तक सड़क से हटने से इंकार कर दिया। करीब दो घंटे चले हंगामे के बाद सीओ ने 12 घंटे के अंदर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद बजरंग दल कार्यकर्ता सड़क से हटे। बजरंग दल कार्यकर्ता अभिषेक चौहान ने खिवाई निवासी वसीम, शौकीन, इस्माइल, हनीफ, यूनुस, आरिफ, फारूख, अनवार और चेयरपर्सन खिवाई के देवर इकबाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपियाें की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश डाल रही है।