
मेरठ. लोहियानगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिन निकलते ही खौफनाक वारदात हो गई। जाकिर कॉलोनी की ट्रांसफार्मर वाली गली में भाई ने अपनी सगी बहन को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया। मरने वाली किशोरी का नाम अक्स (16) है, आरोपी भाई का नाम आरिश बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, नूरे अपने परिवार के साथ जाकिर कॉलोनी में रहता है। शनिवार सुबह घर के सभी सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान 16 वर्षीय अक्स अपने कमरे में सो रही थी। आरोप है कि भाई आरिश ने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार वाले दौड़कर कमरे में पहुंचे। वहां किशोरी खून से लथपथ पड़ी मिली। परिजन बिना समय गंवाए उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम जाकिर कॉलोनी पहुंच गई। मौके पर पहुंचकर टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।
बहन की हत्या करने के बाद आरिश मौके से फरार हो गया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
एसपी सिटी ने बताया कि भाई ने बहन की हत्या किस वजह से की, इसकी जांच की जा रही है। परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस हर एंगल से छानबीन में जुटी है।