
मेरठ में पूर्व प्रधान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शराब के नशे धुत हमलावरों ने हॉकी-डंडे और लोहे की रॉड से युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई 3 महिलाओं समेत 6 लोगों से भी हमलावरों ने मारपीट की। मृतक के भाई ने 10 नामजद समेत 20 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
मामला परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र का है। किठौर थाना क्षेत्र के तरबियतपुर जनूबी बागवाला गांव निवासी पूर्व प्रधान बिजेंद्र सैनी परिवार के लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से खरकाली गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। वहां गंगा मेले में परीक्षितगढ़ कस्बे की होली चौकी निवासी कुछ लोग तंबू लगाकर रुके हुए थे। आरोप है कि ये लोग शराब के नशे में गाली-गलौज करने के साथ ट्रैक्टर से स्टंट कर रहे थे। बिजेंद्र ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि मध्यरात्रि करीब एक बजे फिर से तेज आवाज में डीजे बजाकर हुड़दंग शुरू कर दिया गया। इस दौरान ट्रैक्टर से स्टंट भी किए जा रहे थे। बिजेंद्र ने दोबारा विरोध किया तो 15 से 20 हमलावर हॉकी, डंडे और लोहे की रॉड लेकर पहुंच गए। उन्होंने बिजेंद्र को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में बिजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
बिजेंद्र को बचाने पहुंचे उनके परिजनों और रिश्तेदारों के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की। इसमें बिजेंद्र की पत्नी बबीता, रजत पुत्र बबली, लावड़ के विक्की पुत्र सूबे सिंह, फदीनगर निवासी सतीश और उनकी पत्नी सुरेश देवी और जसड़ सुलतानपुर निवासी गीता घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को सीएचसी परीक्षितगढ़ ले गई। यहां से सभी को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने बिजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विक्की को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार ने 10 नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।