मेरठ

Meerut News: मेरठ में पत्नी ने प्रेमी संग रची मौत की साजिश? सांप से कटवाकर कराई पति की हत्या

Meerut Crime News: मेरठ के हस्तिनापुर में निजी स्कूल संचालक की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार किया। जांच में हत्या की कथित साजिश सामने आई।
2 min read
Jul 18, 2026
Meerut Snake Murder Case Hastinapur Murder Case Meerut News Snake Bite Murder
अतुल और दामिनी

Meerut Snake Murder Case: मेरठ के हस्तिनापुर में एक निजी स्कूल संचालक की मौत का मामला पहले सामान्य सांप के काटने का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई उसने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस का दावा है कि स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार (32) की हत्या उनकी पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर साजिश के तहत कराई।

पुलिस के मुताबिक, हत्या को प्राकृतिक मौत दिखाने के लिए सांप का इस्तेमाल किया गया, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन फोरेंसिक जांच और पूछताछ में पूरा मामला खुल गया।

पहले सांप के काटने से मौत समझा गया मामला

शुक्रवार सुबह हस्तिनापुर की जे. ब्लॉक कॉलोनी में रहने वाले अतुल कुमार अपने कमरे में मृत मिले। पत्नी दामिनी ने पुलिस को बताया कि रात में गर्मी की वजह से वह बेटे के साथ बाहर सो गई थीं, जबकि अतुल कमरे में अकेले थे। सुबह चाय देने गई तो वे अचेत मिले। कमरे में एक सांप भी मौजूद था, जिसे बाद में लोगों ने मार दिया। शुरुआत में मामला सांप के काटने से मौत का माना गया, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।

जांच में सामने आई कथित साजिश

पुलिस की जांच में पता चला कि अतुल के स्कूल में बस चालक के रूप में काम करने वाले तुषार और दामिनी के बीच कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच के अनुसार, पहले अतुल को कथित तौर पर खाने में नींद की गोलियां दी गईं। जब वह गहरी नींद में चले गए, तब तुषार ने अपने दो सपेरे दोस्तों को बुलाया और सांप से अतुल के हाथ और पैर पर कटवाया। इसके बाद सांप को कमरे में ही छोड़ दिया गया, ताकि मौत को हादसा साबित किया जा सके।

पत्नी ने रची पूरी कहानी

पुलिस के मुताबिक, दामिनी ने खुद को बचाने के लिए पूरी घटना को दुर्घटना की तरह पेश करने की कोशिश की। उन्होंने परिजनों और पुलिस को बताया कि सांप के काटने से पति की मौत हुई है। हालांकि, फोरेंसिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के बाद पुलिस ने इस कहानी पर सवाल उठाए।

चार आरोपी गिरफ्तार

मेरठ पुलिस ने इस मामले में पत्नी दामिनी, उसके कथित प्रेमी तुषार और दो सपेरों उदय व सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

परिवार में मातम, इलाके में चर्चा

अतुल कुमार की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। वह स्थानीय स्तर पर एक निजी स्कूल चलाते थे और उनका छह साल का बेटा है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोग इस बात से हैरान हैं कि जिस मौत को पहले हादसा समझा जा रहा था, वह पुलिस जांच में कथित हत्या की साजिश के रूप में सामने आई।

Updated on:
18 Jul 2026 10:06 am
Published on:
18 Jul 2026 07:53 am