
मेरठ। कोरोना वायरस के प्रति लोगों को सचेत रहने के लिए अपने—अपने अंदाज में मैसेज दे रहे हैं। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी ऐसे समय में लोगों को इस वायरस से बचने की नसीहत दे रहे हैं। इस क्रम में कोई गीत गाकर तो कोई पेंटिंग के जरिए लोगों को इससे बचने का संदेश दे रहे हैं। मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार भी अपने अंदाज में लोगों का हौसला बढ़ा रहे हैं।
यह कविता पोस्ट की
आईजी प्रवीण कुमार ने 9 अप्रैल को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक कविता पोस्ट की। उन्होंने लिखा,
बीत जाएंगे ये दिन भी
थोड़ा हौसला रखो ,
किसी के पास गर जाओ
मुनासिब फासला रखो।
मशविरे मान भी जाओ
न कोई ढकोसला रखो,
दिहाड़ी वाले परिंदों का
जेहन मे घौसला रखो।
बीत जाएंगे ये दिन भी
थोड़ा हौसला रखो!
उनकी इस कविता को अब तक 2300 लोग रिट्वीट कर चुके हैं जबकि 15 हजार लोगों ने लाइक किया है। लोगों ने आईजी के इस अंदाज की काफी सराहना की है।
पुलिसकर्मियों का भी हौसला बढ़ाया
इससे पहले उन्होंने 8 अप्रैल को अपनी एक और रचना ट्वीट की थी। इसमें उन्होंने पुलिकर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए लिखा था,
जहर फिज़ाओं में, पर बद्गुमानी बाकी है
सडक पे चलने के, उसके शौक बाकी हैं
वो परों को जख्मी करता रहे, करने दो
हम मुतमईन हैं, अभी हौसले बाकी हैं
अब काहे का वायरस, और काहे का रस कोई
हमे तो रोज नये इम्तिहां बाकी हैं
तुम अपने किट, अपने मास्क की तलाश करो
हम निपट लेंगे, हम तो खाकी हैं!
आईजी की इस कविता को भी 1900 लोगों ने रिट्वीट किया है।
सख्ती अधिकारियों में होती है गिनती
बता दें कि आईपीएस प्रवीण कुमार की गिनती सख्त पुलिस अधिकारियों में होती है लेकिन उनकी ये कविताएं आईजी का एक और चेहरा सामने लाती है। प्रवीण कुमार इस समय मेरठ रेंज के आईजी हैं। जालौन में जन्मे प्रवीण कुमार 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मुजफ्फरनगर और गौतमबुद्धनगर में एसएसपी रह चुके हैं। 13 जनवरी 2020 को उनको मेरठ रेंज के आईजी क कमान मिली थी।