Meerut News: मेरठ साउथ स्टेशन पर गाजियाबाद से आ रही नमो भारत ट्रेन में तकनीकी खराबी के चलते मुख्य गेट लॉक हो गए। यात्री करीब आधे घंटे तक ट्रेन में फंसे रहे, जिसके बाद स्टाफ ने गेट खोलकर उन्हें बाहर निकाला। यात्रियों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया।
Meerut south station namo bharat train: गाजियाबाद से मेरठ आ रही नमो भारत ट्रेन शुक्रवार शाम तकनीकी खराबी का शिकार हो गई, जिससे सैकड़ों यात्री ट्रेन के अंदर ही फंस गए। यह घटना मेरठ साउथ स्टेशन के परतापुर थाना क्षेत्र में हुई। ट्रेन के मुख्य द्वार अचानक लॉक हो जाने के कारण यात्रियों को लगभग आधा घंटा ट्रेन में ही फंसे रहना पड़ा।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे जब ट्रेन मेरठ साउथ स्टेशन पर रुकी तभी तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन के गेट लॉक हो गए। अचानक गेट बंद होने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों ने घबराहट में प्लेटफार्म पर हंगामा भी किया।
स्थानीय स्टेशन स्टाफ और अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों को समझाया और गेट खोलने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद गेट खुल सके और अंदर फंसे यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए।
इस दौरान यात्रियों ने अधिकारियों पर सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। रैपिड स्टेशन अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत किया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें अभी नहीं है और जांच की जाएगी।
यात्रियों के हंगामा करने के बाद स्टेशन पर सामान्य स्थिति बहाल हुई। हालांकि तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को आधे घंटे तक असुविधा और डर का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को और सख्त किया जाएगा।