मेरठ

‘किसी और से बात करती थी, इसलिए मारा’, युवक ने छात्रा का गला घोंटने की बात कबूली

Meerut Murder Case: मेरठ छात्रा हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। हत्या के बाद आरोपी ने खेत मालिक को फोन कर कहा था कि खेत साफ करा दो, जो खर्च होगा दे दूंगा।

3 min read
May 20, 2026
मेरठ में गन्ने के खेत में छात्रा का शव मिलने के बाद साक्ष्य जुटाती पुलिस।

Meerut Student Murder Case : मेरठ के टीपी नगर इलाके में बीए की छात्रा की हत्या मामले में पुलिस जांच के दौरान कई नए खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकुश छात्रा को शादी के लिए मनाने के बहाने उकसिया गांव स्थित ईख के खेत में ले गया था। वहां छात्रा के इनकार करने और मोबाइल में दूसरे युवक का मैसेज देखने के बाद वह बौखला गया और गुस्से में उसकी हत्या कर दी।

ये भी पढ़ें

पिता के गुस्से की खौफनाक सजा: पड़ोसी लड़के से बात करने पर बेटी को दी दर्दनाक मौत, खेत में छिपाया शव

सीसीटीवी फुटेज में साथ दिखे दोनों

पुलिस के मुताबिक, छात्रा मंगलवार सुबह करीब 9:45 बजे घर से निकली थी। इसके बाद वह रेलवे रोड चौराहे पर पहुंची, जहां कुछ देर तक आरोपी का इंतजार करती रही। आरोपी अंकुश बाइक लेकर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। जांच में सामने आया कि दोनों कंकरखेड़ा, भूनी टोल, करनावल और किनौनी होते हुए उकसिया गांव पहुंचे थे। पुलिस को रेलवे रोड चौराहे और भूनी टोल के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें दोनों साथ दिखाई दिए हैं।

मोबाइल में दूसरे युवक का मैसेज देखकर बौखलाया अंकुश

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके छात्रा से पहले से संबंध थे और दोनों फोन पर बातचीत करते थे। खेत में पहुंचने के बाद उसने छात्रा पर शादी का दबाव बनाया, लेकिन छात्रा ने साफ कह दिया कि वह अपने माता-पिता की मर्जी के बिना शादी नहीं करेगी। इसी दौरान आरोपी ने छात्रा का मोबाइल चेक किया। उसमें दूसरे युवक को भेजा गया एक मैसेज देखकर उसे शक हुआ कि छात्रा किसी और के कारण शादी से इनकार कर रही है। इसी बात को लेकर वह बौखला गया और छात्रा के दुपट्टे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने खेत मालिक आदेश को फोन किया और खेत साफ कराने के लिए कहा। उसने यह भी कहा कि जितना खर्च होगा, वह दे देगा। पुलिस का कहना है कि खेत मालिक को पूरी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। इतना ही नहीं, उसने आरोपी का मोबाइल भी अपने घर में छिपा दिया। कॉल डिटेल की जांच में अंकुश और खेत मालिक के बीच बातचीत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने खेत मालिक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

छात्रा का टूटा मोबाइल बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर छात्रा का टूटा मोबाइल बरामद किया, जबकि आरोपी अंकुश का मोबाइल आदेश के घर से मिला। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों मोबाइल तोड़ दिए गए थे, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। छात्रा का बैग पहले ही शव के पास से बरामद कर लिया गया था। कपड़े और अन्य सामान फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।

पुलिस ने रीक्रिएट कराया क्राइम सीन

सोमवार शाम पुलिस आरोपी अंकुश को लेकर उकसिया गांव पहुंची थी, जहां क्राइम सीन रीक्रिएट कराया गया। पुलिस ने मौके पर आरोपी से पूरी वारदात की जानकारी ली। जांच में यह भी सामने आया कि जिस खेत में हत्या हुई, वह आरोपी के खेत से करीब 500 मीटर दूर है और इसी वजह से उसकी खेत मालिक आदेश से पहचान थी।

मंगलवार को छात्रा के पिता और अन्य परिजन टीपी नगर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से अब तक की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य संभावित आरोपियों को नामजद करने को लेकर जानकारी मांगी। परिवार ने मामले में एससी/एसटी एक्ट की धारा जोड़ने की मांग भी की। पुलिस ने परिजनों से जाति प्रमाण पत्र मांगा और भरोसा दिया कि जांच के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पुलिस सभी साक्ष्य जुटा रही है ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

ये भी पढ़ें

गोंडा में बमबाजी के मास्टरमाइंड की पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली, नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार
Published on:
20 May 2026 02:05 pm
Also Read
View All