
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. Monsoon 2021 Heavy Rain alert : मानसून (Monsoon) की बारिश से उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कई जिले सराबोर हो रहे हैं। पिछले तीन दिन से जहां सूरज बादलों की कैद में है, वहीं ठंडी हवाओं के झोकों से तापमान में भी जबरदस्त कमी आई है। इस समय अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे चला गया है। हालांकि अभी पश्चिमी उत्तर प्रदेश (West Uttar Pradesh) में मानसून की आमद नहीं हुई, लेकिन जिस तरह से प्री मानसून की बारिश (Heavy Rain) ने लोगों को सराबोर किया है। उससे यही माना जा रहा है कि इस बार मानसून पिछले साल की अपेक्षा बेहतर होगा।
उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश के बाद अब मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मेरठ में गंगा का जल स्तर बढ़ने लगा है। बारिश से नाले भी जून में उफान मारने लगे हैं। मौसम का यही रुख अगले एक सप्ताह तक और बना रहा तो बाढ़ से हालात बेकाबू हो सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी बेहतर होगा और सक्रिय मानसून से कुछ राहत भी मिलेगी। बारिश का दौर आगे भी जारी रहने से इस बार किसानों को भी अच्छी फसल की उम्मीद जागी है।
72 घंटे ऐसा ही बना रहेगा मौसम
रविवार की सुबह आसमान बादलों की कैद में रहा। रात से सुबह तक ठंडी हवाओं के चलते घरों में एसी और कूलर का शोर शांत रहा। सुबह काले बादलों के बीच हल्की बारिश की रिमझिम से मौसम और रूमानी हो गया। कृषि अनुसंधान संस्थान के प्रमुख मौसम वैज्ञानिक डाॅ. एन सुभाष ने बताया कि अगले 72 घंटों तक मानसूनी सक्रियता का दौर बना रहेगा। आसमान साफ होने के बाद कुछ दिनों तक उमस का जोर रहेगा। हालांकि, इस दौरान लोकल हीटिंग या वातावरण में नमी होने पर बारिश और बादलों की सक्रियता का दौर दोबारा शुरू हो जाएगा।
सामान्य से 10 डिग्री कम रहा तापमान
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 67 फीसद और न्यूनतम 44 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से आगामी 24 घंटों में मौसम का रुख ऐसा ही बना रहने की उम्मीद जाहिर की गई है।