मेरठ

अर्चिता अरोड़ा केस में नया मोड़…कार में अर्चिता नहीं, विदेशी महिला की लाश लेकर 45 मिनट घूमता रहा था चंचल

Meerut Crime: मेरठ के मवाना में मिली जली हुई लाश की पहचान तुर्कमेनिस्तान की 'मुहब्बत' के रूप में हुई है, जो 15 साल से भारत में थी। होटल मालिक ने विवाद के बाद हत्या कर शव फेंका था। गिरोह ने 'अर्चिता अरोड़ा' के नाम से उसका फर्जी आधार कार्ड बनाया था।
2 min read
Mar 04, 2026
meerut crime
Photo source - X

Meerut Crime: मेरठ के मवाना में मिली युवती की जली हुई लाश के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खेत में मिली जिस युवती की जली हुई लाश को अब तक दिल्ली की 'अर्चिता अरोड़ा' समझा जा रहा था, वह दरअसल तुर्कमेनिस्तान की रहने वाली 'मुहब्बत' निकली। यह मामला अब केवल एक हत्या तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि इस खुलासे ने सेक्स रैकेट और फर्जी पहचान के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय जाल की ओर इशारा किया है।

सहेली ने खोला पहचान का राज

पुलिस जांच के दौरान मृतका के मोबाइल की अंतिम कॉल डिटेल्स खंगाली गई तो चंडीगढ़ निवासी एलीना का नंबर सामने आया। जब पुलिस ने एलीना से संपर्क किया तो उसने बताया कि मृतका का असली नाम मुहब्बत है और वह तुर्कमेनिस्तान की नागरिक थी। एलीना के अनुसार, मुहब्बत 12 फरवरी को मेरठ आई थी और 16 फरवरी की रात के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। एलीना ने ही मुहब्बत की मां नाहमदिनोवा गुलनारा को रूस में इस अनहोनी की जानकारी दी।

15 साल पहले भारत आई थी 'मुहब्बत'

जांच में सामने आया है कि मुहब्बत करीब 15 साल पहले भारत आई थी। यहां वह किसी संदिग्ध गिरोह के चंगुल में फंस गई जिसने उसे देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया। पहचान छिपाने के लिए गिरोह ने उसका फर्जी आधार कार्ड 'अर्चिता अरोड़ा' के नाम से बनवाया था। बरामद आधार कार्ड पर फोटो तो मुहब्बत का था लेकिन नाम और पता दिल्ली का दर्ज था।

होटल मालिक और साथियों ने की थी हत्या

वारदात 16 या 17 फरवरी की रात परतापुर के अविका होटल में हुई थी। होटल मालिक चंचल कुमार उर्फ बंटी ने मुहब्बत को वहां बुलाया था। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद जब युवती ने दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी तो चंचल ने अपने साथियों गुरमुश, संदीप और विवेक के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर मवाना के एक खेत में फेंक दिया और चेहरे को ज्वलनशील पदार्थ से जला दिया।

DNA जांच से होगी पुष्टि

मेरठ पुलिस ने मृतका का डीएनए सैंपल सुरक्षित रख लिया है। हालांकि मुहब्बत की मां ने तुर्कमेनिस्तान से अपनी बेटी की अन्य तस्वीरें भेजकर उसकी पहचान की पुष्टि की है लेकिन वे आर्थिक तंगी के कारण फिलहाल भारत आने में असमर्थ हैं। पुलिस अब कानूनी प्रक्रिया और पासपोर्ट के जरिए पहचान को पुख्ता करने में जुटी है। एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, मृतका के पिता भारतीय और मां तुर्कमेनिस्तान की बताई जा रही हैं जिसकी जांच की जा रही है।

Published on:
04 Mar 2026 04:44 pm