
प्रतीकात्मक तस्वीर - एआइ
UP Crime : महाराजगंज जिले के बांसपार कोठी टोला पिपरा में मंगलवार तड़के एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक पत्नी ने अपने 62 वर्षीय पति, पर उस समय पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी जब वह गहरी नींद में सो रहे थे। महिला ने न केवल आग लगाई, बल्कि पति को बचने का कोई मौका न मिले, इसलिए कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर ताला लगा दिया। कमरे से धुआं निकलता देख जब ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को सूचित किया और पुलिस मौके पर पहुंची तब तक बुजुर्ग की हृदय विदारक मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला सुमित्रा का मायका इसी गांव में है। करीब 40 साल पहले वह मुंबई गई थी जहां उसकी मुलाकात रामपति से हुई और दोनों ने विवाह कर लिया। शादी के बाद वे अपनी एक बेटी के साथ गांव लौट आए थे और यहीं रहकर गुजर-बसर कर रहे थे। सुमित्रा पहले भी अपने पति की जान लेने की कोशिश कर चुकी है। सितंबर 2023 में पति पर जानलेवा हमला करने के आरोप में वह एक साल जेल की सजा काटकर हाल ही में बाहर आई थी। इन सबके बावजूद रामपति ने उसे अपने साथ रखा था लेकिन उसे क्या पता था कि यही उदारता उसकी जान ले लेगी।
जब पुलिस और ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा भयावह था। रामपति ने जलते हुए बिस्तर से उतरकर बाहर निकलने की कोशिश की थी लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण वह सफल नहीं हो सका और कमरे में बैठे-बैठे ही उसने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देकर भाग रही सुमित्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसके पास से कमरे की चाबी भी बरामद की है जो उसके अपराध की पुष्टि करती है।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंच गए थे। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Updated on:
03 Mar 2026 03:53 pm
Published on:
03 Mar 2026 03:52 pm
बड़ी खबरें
View Allमहाराजगंज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
