Khatauli assembly by-election जिस कवाल कांड के कारण में खतौली भाजपा विधायक की सदस्यता गई। अब उसी कवाल कांड में मारे गए गौरव की मां ने भाजपा के खिलाफ उपचुनाव लड़ने की घोषणा की है। कवाल कांड में मारे गए गौरव की मां ने भाजपा पर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। मृतक गौरव की मां का कहना है कि भाजपा उनके मृत बेटे के नाम पर राजनीति लाभ ले रही है। कवाल कांड का सबसे अधिक लाभ भाजपा ने उठाया है।
Khatauli assembly by-election खतौली विधानसभा उपचुनाव अभी से रोचक मोड पर पहुंच गया है। मुजफ्फरनगर में हुए कवाल कांड ने पूरे प्रदेश में सभी राजनैतिक दलों के समीकरण बिगाड़ दिए थे। लेकिन इस कवाल कांड का भाजपा को जबरदस्त राजनैतिक लाभ मिला था। जिसके चलते पश्चिमी उप्र से लेकर पूरब तक वोटों के बदले समीकरण से भाजपा के अलावा अन्य दलों को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा था। कवाल कांड के चलते ही खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी की विधायकी छिनी तो अब उसी कवाल कांड में मारे गए युवक गौरव की मां भी भाजपा के विपक्ष में खड़ी हो गई है।
मुजफ्फरनगर में नौ साल पहले कवाल कांड में मारे गए गौरव की मां सुरेश देवी अब खतौली उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भाग्य अजमाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया है। मुजफ्फरनगर शहर के दक्षिणी सिविल लाइन में रह रहे गौरव के पिता रविंद्र सिंह का आरोप है कि भाजपा ने उनके परिवार के नाम पर जमकर राजनीति की है। लेकिन परिवार को राहत के नाम पर आज तक कुछ नहीं मिला।
इसी कारण से परेशान होकर वह अब जनता के बीच जाकर इंसाफ की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्दोष होने के बावजूद अब तक वो अदालती लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें ना तो भाजपा सरकार ने उनकी कोई मदद की है और ना ही स्थानीय नेताओं ने। उन्होंने कहा कि वो अब अपनी लड़ाई खुद ही लड़ेंगे।