मेरठ

Lockdown के दौरान छत पर कपड़े सुखाने गई युवती से पड़ोसी ने की छेड़छाड़, विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला

Highlights मेरठ शहर के लिसाड़ी गेट क्षेत्र का मामला युवक ने साथियों के साथ पथराव किया पुलिस की दबिश के बाद फरार हुआ आरोपी  
2 min read
• •
Updated: 7 Apr 2020, 5:58 PM IST
meerut

Highlights

मेरठ। छत पर गई युवती से पड़ोस में रहने वाले युवक ने छेड़छाड़ कर दी। युवती ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने धारदार हथियार से युवती पर हमला कर दिया। हमले में युवक के साथी भी शामिल थे। युवती के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने युवक के हाथ से धारदार हथियार छीन लिया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस को लोगों ने हथियार सौंप दिया। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ पथराव भी किया।

मामला थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र का है। जहां एक कालोनी में मंगलवार की सुबह छत पर कपड़े सुखाने गई एक युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला कर पथराव कर दिया। पीडि़त युवती ने बताया कि वह अपनी छत पर कपड़े सुखाने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान दूसरी गली में रहने वाला एक युवक अपनी छत पर खडा था। युवक अचानक से युवती को इशारे और छींटाकशी करने लगा। जब युवती ने इसका विरोध किया तो युवक छत से ही गाली-गलौज करने लगा। शोरगुल सुनकर युवती के पिता छत पर पहुंचे और युवक से उसकी हरकतों के लिए विरोध जताया। इसके बाद युवक अपने तीन साथियों के साथ छुरी लेकर युवती के घर में घुस आया और मारपीट कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी मौके पर आ गए। मोहल्लेवासियों ने आरोपी युवक के हाथ से हथियार छीन लिया। इस दौरान आरोपी लोगों को देख लेने की धमकी देता हुआ फरार हो गया।

बताया जाता है कि इसके बाद युवक अपने घर की छत पर पहुंचा और वहां से पथराव शुरू कर दिया। जिसमें ईंट लगने से एक बच्चा घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी के मकान पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को देखकर फरार हो गया। वहीं एसओ लिसाडी गेट प्रशांत कपिल ने बताया कि मामला छेड़छाड़ का है। आरोपी युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है। पीडि़त पक्ष की ओर से तहरीर आई है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।

Published on: