मेरठ

खुलासा: RSS नेता की हत्या के लिए तस्कर जावेद ने ही सप्लाई किए थे हथियार

Highlights- खालिस्तान समर्थकों को हथियार सप्लाई करने वाले जावेद का खुलासा- 2016 में हुई थी आरएसएस नेता रविंद्र गुसाई की हत्या- एटीएस और एनआईए टीम पर हो चुका है राधना में हमला
2 min read
• •
Updated: 8 Jun 2020, 11:08 AM IST
meerut2.jpg

मेरठ. जिले का राधना गांव हथियारों की सप्लाई के लिए पहले से ही कुख्यात रह चुका है। यहां पर समय अंतराल पर एनआईए और एटीएस की टीमें छापेमारी करती रही हैं। गाहे-बगाहे इन टीमों पर हमले भी होते रहे हैं। इसी राधना गांव से खालिस्तान समर्थकों को हथियार सप्लाई करने वाले तस्कर जावेद को एटीएस ने पकड़ा है। जावेद से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। इनमें एक खुलासा लुधियाना में आरएसएस नेता की हत्या का भी हुआ। आरएसएस के इस नेता की हत्या के लिए मेरठ के राधना से ही जावेद ने हथियार सप्लाई किए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में जावेद ने खुद ही यह स्वीकार किया है।

बता दें कि एटीएस मेरठ ने हथियार सप्लायर के आरोपी जावेद को दबोच लिया था। एटीएस की टीम राधना गांव के पास से आरोपी का पीछा कर रही थी, लेकिन आरोपी चकमा देकर भाग निकला था। इसके बाद रविवार को हापुड़ क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एटीएस की टीम पूछताछ करने में जुटी है। इसी पूछताछ में आरोपी जावेद ने खुलासा किया कि उसने लुधियाना में आरएसएस के नेता जगदीश गगनेजा की हत्या के लिए हथियार सप्लाई किए थे। गौरतलब है कि अक्टूबर 2016 में पंजाब के लुधियाना में रविंद्र गोसाई की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को लेकर एनआईए जांच कर रही थी। एक साल पहले जांच के लिए किठौर के राधना गांव पहुंची एनआईए और एटीएस की टीम पर हमला भी हुआ था।

जावेद मेरठ के किठौर क्षेत्र के राधना गांव का रहने वाला है। बताया गया कि उसके खिलाफ पंजाब में केस दर्ज है। पंजाब से ही वांछित चल रहा था। जावेद खालिस्तानियों को अवैध तरीके से हथियार सप्लाई करता था। आरोपी की तलाश में एटीएस लंबे समय से पीछा कर रही थी। इससे पहले भी राधना गांव निवासी कई अपराधी हथियारों के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। इस बारे में एसपी सिटी डाॅ. एएन सिंह सिंह ने बताया कि आरोपी से एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। बताया जा रहा है कि एजेंसियों के सामने उसने यह स्वीकार भी किया है कि वह पंजाब में हथियार सप्लाई करता रहा है। उन्हीं हथियारों से नेता के हत्या की बात सामने आ रही है। पंजाब पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है।

Published on: