Independence Day 2022 in Meerut मेरठ सहित पूरे पश्चिमी उप्र आज 76 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान की चारों ओर धूम मची हुई है। आजादी के इस उत्सव में पूरा मेरठ और पश्चिमी उप्र सराबोर है। हर तरफ सुबह से ही तिरंगा झंडा लहरा रहा है। मेरठ में सुबह ही जिलाधिकारी के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। जो ऐतिहासिक गांधी आश्रम से शुरू होकर शहीद स्मारक पर जाकर खत्म हुई।

Independence Day 2022 in Meerut आज सोमवार को देश 76 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। मेरठ सहित पूरे पश्चिमी उप्र में आजादी का उत्सव पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है। अनेकों स्थानों पर ध्वजारोहण किया जा रहा है। आजादी के 75 साल पूरे होने पर मेरठ सहित पूरे पश्चिमी उप्र में अमृत महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हर तरफ तिरंगे की छटा नजर आ रही है। क्रांतिकारी शहर का माहौल तिरंगे के रंग से सराबोर हो रहा है। कई स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई है। आजादी के 75 साल पूरे होने पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग तिरंगा यात्राएं निकाल रहे हैं। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे चारों ओर फिजाओं में गूंज रहे हैं।
सरकारी कार्यालय, रेलवे स्टेशन, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और स्कूल कालेजों की इमारतों के अलावा शहर की प्रमुख इमारतें तिरंगे की रोशनी में नहाई हुई हैं। इमारतों को तिरंगा से सजाया गया है। शनिवार से जश्न मनाने का सिलसिला शुरू हो गया था जो कि आज सोमवार के दिन पूरे जोश के साथ जारी है। जिले में करीब 15 लाख स्थानों पर तिरंगा फहराया गया है। आज स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी दीपक मीणा सहित वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में गांधी आश्रम से शहीद स्मारक तक प्रभात फेरी निकाली गई।
प्रभात फेरी मार्ग पर महापुरुष एवं शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर राष्ट्रीय ध्वज को फहराया गया। तत्पश्चात शहीद स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के अमर शहीदों को नमन किया एवं राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव पूरे उत्साह उमंग उल्लास के साथ जनपद में मनाया जा रहा है।