गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, वारदात के समय खेत में काम कर रही थी महिला
मेरठ। परतापुर में पिता की हत्या में गवाह मां-बेटे के लाइव डबल मर्डर, मुंडाली में वार्डब्वाय की हत्या के बाद कई गवाह पुलिस अफसरों के यहां अपनी जान बचाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी गवाहों को पूरी तरह से सुरक्षा प्रदान नहीं की जा रही है। मेरठ पुलिस की लचर कार्रवार्इ के चलते हत्यारोपियों के हौसले बुलंद हैं। इसी का नतीजा है कि एक और महिला को सरेआम दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया। उसका कसूर मात्र इतना था कि वह अपने बेटे की हत्या के मुकदमे में गवाह है। सरूरपुर में अपने पुत्र की हत्या में गवाह महिला पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। महिला की हालत चिंताजनक बनी हुर्इ है। महिला पर हमले के पीछे कुख्यात सुमित जाट का हाथ माना जा रहा है।
इस मामले में थी गवाह
एक वर्ष पूर्व राजपुर निवासी चेतन उर्फ भूरा पुत्र वेदराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप कुख्यात सुमित जाट पर आया था। सुमित जाट पश्चिम उप्र का बदमाश है और उस पर 50 हजार रूपये का इनाम है। हत्या के आरोप में सुमित जाट सहित अन्य आरोपी जेल गए थे। तीन युवक इस मामले में जेल से बाहर आ गए थे। मुकदमा मेरठ कचहरी में चल रहा है। बेटे की हत्या में उसकी मां सावित्री गवाह है। छह फरवरी को सावित्री की गवाही होनी है।
कई बार मिल चुकी थी धमकी
परिजनों के मुताबिक जेल में बंद सुमित जाट कई बार सावित्री को गवाही न देने की धमकी दे चुका है। उसने जेल से सावित्री के पास संदेश भेजा कि अगर सावित्री गवाही देने गई, तो परिणाम भुगतने पड़ेंगे। सावित्री ने इस मामले में अपने वकील से मिलकर एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उसे पुलिस सुरक्षा मुहैया नहीं हो पाई। जब वह गन्ने के खेत में काम कर रही थी उसी दौरान तीन हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन घटनास्थल की ओर भागे और सुमित्रा को गाड़ी में डालकर अस्पताल में भर्ती किया जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। गवाह महिला पर हमले के बारे में एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।