मेरठ

होटलों में फैला जिस्मफरोशी का जाल! दिल्ली से लाई जाती हैं लड़कियां, स्पा सेंटर और WhatsApp ग्रुप….

Prostitution Racket Exposed In Hotels And Spa Centers: होटलों और स्पा सेंटरों में जिस्मफरोशी का धंधा तेजी से फैल रहा है। ग्रहाकों को WhatsApp ग्रुप के जरिए फोटो भेजी जाती है।
2 min read
Apr 01, 2026
prostitution rampant in hotels and spa centres in meerut girls brought from delhi
होटलों और स्पा सेंटरों में जिस्मफरोशी का धंधा। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Prostitution Racket Exposed In Hotels And Spa Centers: उत्तर प्रदेश के मेरठ में तुर्कमेनिस्तान की युवती नाजमुदिनीया मोहब्बत की हत्या के मामले के बाद भी शहर में होटलों और स्पा सेंटरों के अंदर चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद हाईवे और शहर के कई इलाकों में यह अवैध कारोबार जारी है। सोमवार को दिल्ली रोड स्थित शारदा प्लाजा के एक स्पा सेंटर में छापेमारी कर पुलिस ने इस धंधे का खुलासा किया था, जहां से 3 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

होटल मालिक बना रहे हैं WhatsApp ग्रुप, ग्राहकों को भेजे जाते हैं फोटो

सूत्रों के अनुसार होटल संचालकों ने ग्राहकों तक पहुंच बनाने के लिए WhatsApp ग्रुप बना रखे हैं। इन ग्रुपों के जरिए ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजी जाती हैं और बुकिंग की जाती है। इतना ही नहीं, इस धंधे के लिए दिल्ली से भी युवतियों को बुलाया जाता है। पहले ब्रह्मपुरी क्षेत्र के कबाड़ी बाजार में देह व्यापार के अड्डे हुआ करते थे, लेकिन वहां कार्रवाई के बाद यह धंधा अब शहर के होटलों और रिहायशी कॉलोनियों में फैल गया है।

कई इलाकों के होटल संदेह के घेरे में

जानकारी के मुताबिक टोपीनगर, परतापुर, जानी और कंकरखेड़ा जैसे इलाकों में स्थित कई होटलों में देह व्यापार की गतिविधियां चल रही हैं। इनपुट मिलने के बाद SSP ने सख्त कदम उठाते हुए जानी थाना क्षेत्र की सुभारती चौकी और टीपीनगर की वेदव्यासपुरी चौकी के प्रभारियों को हटा दिया है। वेदव्यासपुरी चौकी पर एक महिला दरोगा को प्रभारी बनाया गया है जिससे इस अवैध कारोबार पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके।

अविका होटल में जिस्मफरोशी से जुड़ा था विदेशी युवती की हत्या का मामला

परतापुर के रिठानी स्थित अविका होटल में तुर्कमेनिस्तान की युवती मोहब्बत की हत्या का मामला भी कथित रूप से इसी देह व्यापार से जुड़ा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG कलानिधि नैथानी ने चौकी प्रभारी से लेकर बीट कांस्टेबल के पुलिसकर्मियों तक के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

कई स्थानों पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

बता दें कि पुलिस ने नौचंदी थाना क्षेत्र के गढ़ रोड पर एक कॉम्प्लेक्स में छापा मारकर विकास त्यागी को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा जानी क्षेत्र के क्राउन होटल और टीपीनगर के 2 अन्य होटलों में भी हाल ही में देह व्यापार की गतिविधियां पकड़ी गई हैं। दिल्ली रोड पर स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे इस धंधे में पुलिस ने मैनेजर इरशाद उर्फ सोनू, निशांत और गौरव को गिरफ्तार किया है।

स्पा सेंटर से मिले रजिस्टरों में दर्ज थे 60 ग्राहकों के नाम

टीपीनगर के दिल्ली रोड स्थित वृनिक स्पा सेंटर में छापेमारी के दौरान पुलिस को छह रजिस्टर मिले, जिनमें करीब 60 ग्राहकों के नाम दर्ज थे। इनमें कई ग्राहक दिल्ली और बागपत रोड की पॉश कॉलोनियों से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन ग्राहकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी। मौके से पुलिस ने 12,850 रुपये भी बरामद किए हैं।

संयुक्त टीम कर रही जांच, आगे भी होगी कार्रवाई

SSP अविनाश पांडेय ने बताया कि जिस्मफरोशी में शामिल होटलों को चिन्हित किया जा रहा है। संबंधित थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर ही दिल्ली रोड के स्पा सेंटर में चल रहे इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।