
Aditi Yadav Social Media Controversy: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र और मनगढ़ंत टिप्पणी को लेकर सपाईयों का गुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा है। सपा सुप्रीमो के परिवार पर हुए इस निजी हमले के विरोध में मेरठ में समाजवादी पार्टी के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया है। सपाइयों ने प्रशासन से इस मामले में सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अखिलेश यादव की बेटी पर की गई विवादित टिप्पणी से आक्रोशित सपा कार्यकर्ताओं ने मेरठ के कमिश्नरी चौराहे पर भारी संख्या में एकजुट होकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इसके बाद पार्टी के सभी स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक एक विशाल रोष मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ा एक्शन लेने की मांग कर रहे थे।
DM कार्यालय पहुंचकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के जरिए सपा नेताओं ने अपना साफ संदेश दिया है कि राजनीति में वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं लेकिन किसी नेता के परिवार और उनकी बेटी को निशाना बनाना एक बेहद घटिया और निंदनीय कृत्य है। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की भ्रामक पोस्ट और अभद्र टिप्पणी करने वाले सभी हैंडल्स को तुरंत चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
बता दें कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया। इस संबंध में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी की गई। इस पूरे मामले में पार्टी की मांग है कि फर्जी पोस्ट और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।