मेरठ

खामनेई का नाम लेकर संगीत सोम ने कह दी बड़ी बात…. होली मिलन समारोह में दिया विवादित बयान

Iran-Israel war: पूर्व विधायक संगीत सोम ने मेरठ में ईरान के नेता खामनेई का उदाहरण देते हुए कहा कि बाबरी की बात करने वाले अपनी सुरक्षा तक नहीं कर पा रहे हैं।
2 min read
Mar 02, 2026
sangeet som
Photo source - X

Iran-Israel war: ईरान- इजरायल युद्ध को लेकर भारत के नेता अलग-अलग बयान दे रहे हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। मेरठ के सकौती में आयोजित एक विशाल होली मिलन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इजरायल-ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर बेहद तीखा हमला बोला। सोम ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि भारत की धरती पर अब दोबारा कभी बाबरी की नींव नहीं पड़ने दी जाएगी।

ईरान-इजरायल युद्ध का किया जिक्र

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगीत सोम ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों की तुलना देश के भीतर के मुद्दों से कर दी। उन्होंने अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो ताकतें अपने सर्वोच्च नेता खामेनेई तक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही हैं। वे भारत में बाबरी मस्जिद के निर्माण का ख्वाब देख रहे हैं। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद अपने हजारों समर्थकों को संकल्प दिलाया कि किसी भी कीमत पर ऐसी विवादित विचारधारा को फिर से पनपने नहीं दिया जाएगा।

होली मिलन के बहाने शक्ति प्रदर्शन

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित यह कार्यक्रम महज एक मिलन समारोह नहीं बल्कि संगीत सोम का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। इस समारोह में मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी और पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह जैसे दिग्गज नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के कारण हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा। वक्ताओं ने इसे 2027 के चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि यह सनातन के रक्षकों को ताकत देने का मंच है।

2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

अपनी ताकत दिखाने के सवाल पर संगीत सोम ने कहा कि वह हर साल इस तरह के आयोजन करते हैं और अगर यह वास्तविक शक्ति प्रदर्शन होता तो लखनऊ से दिल्ली तक का रास्ता जाम हो जाता। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव पर भरोसा जताते हुए दावा किया कि 2027 में भाजपा 350 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएगी और उस जीत की शुरुआत उनकी अपनी सीट से होगी।

Published on:
02 Mar 2026 12:57 pm