Kanwar Yatra 2022 एसीएस गृह व डीजीपी ने की कांवड यात्रा के संबंध में मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अपर मुख्य सचिव गृह ने कहा कि कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं काफी संख्या में कांवड़ लेकर आती हैं। महिला कांवड़ियों को कोई परेशानी ना हो इसलिए उनके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। महिला कांवड़ियों के लिए अलग से नहाने,शौचालय और कांवड़ शिविरों में आराम के प्रबंध करने के निर्देश दिए हैंं।
Kanwar Yatra 2022 कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराये जाने हेतु शासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आज अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी एवं डीजीपी देवेन्द्र सिंह चौहान द्वारा मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के अंतर्गत कांवड यात्रा को लेकर की गयी तैयारियों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने दिल्ली मार्ग पर निरीक्षण किया और इसके बाद मेरठ मंडलायुक्त सभागार में मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारी, एसएसपी सहित संबंधित विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी।
बैठक में मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह द्वारा मेरठ मंडल में रूट डायवर्जन, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, सडक मरम्मत कार्य, शिविर की अनुमति आदि तैयारियों की बिन्दुवार विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से कांवड यात्रा स्थगित रही है। चूकिं दो वर्ष बाद कांवड यात्रा का संचालन होना है जिसके अंतर्गत कांवडियों की संख्या बढ़ने तथा अबकी बार महिला कावंडियों की संख्या में भी वृद्धि होना स्वाभाविक है। इसको ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया जाये।
उन्होंने कहा कि महिला कावंडियो हेतु मार्ग में लगने वाले शिविर तथा अन्य स्थानों पर साफ-सफाई, शौचालय, स्नान एवं सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त प्रबंध किये जाये। उन्होंने कहा कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम पूरी तरह से क्रियाशील रहे। स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं हो और इनमें अलग से कोविड हैल्प डेस्क भी बनाई जाए।