12 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Nitin Murder Case: बेटे का शव देख बिगड़ी पिता की हालत, सिर्फ छत की रेलिंग तोड़ने वाले बुलडोजर एक्शन से भड़के परिजन

मेरठ के हस्तिनापुर में दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक नितिन की हत्या के बाद भारी बवाल हुआ। परिजनों ने शव चौराहे पर रखकर एनकाउंटर और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। पूरी रिपोर्ट पढ़ें...
2 min read
Google source verification
Nitin Murder Case

मेरठ में नितिन हत्याकांड से मची सनसनी (फोटो: @FarmanSaifi1077)

Nitin Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के बाद एक्शन में आई पुलिस ने एक आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी का परिवार घर पर ताला लगाकर फरार है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर एसपी देहात अभिजीत कुमार के साथ पाँच थानों की पुलिस तैनात की गई है।

बता दें कि शुक्रवार को हस्तिनापुर थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर बाइक सवार छह बदमाशों ने नितिन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली लगने के बाद नितिन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव देख पिता की तबीयत बिगड़ी, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

इस खौफनाक वारदात के बाद से नितिन के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बेटे का शव देखते ही पिता सतीश कुमार की तबीयत बिगड़ गई, वहीं पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। रातभर पुलिस अधिकारी पीड़ित परिवार को समझाने का प्रयास करते रहे। इसके बावजूद, शनिवार सुबह परिजनों ने लगभग 500 ग्रामीणों के साथ हस्तिनापुर के गणेशपुर तिराहे पर नितिन का शव रखकर जाम लगा दिया और उग्र विरोध प्रदर्शन किया।

आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: राज्यमंत्री दिनेश खटीक

पीड़ित परिवार की मांग है कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए और उनका एनकाउंटर किया जाए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक और राज्यमंत्री दिनेश खटीक मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने में जुट गए। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

आश्वासन के बाद परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

पुलिस-प्रशासन और राज्यमंत्री के आश्वासन के बाद करीब 8 घंटे से चल रहा हंगामा शांत हुआ और परिजनों ने जाम खोला। इसके बाद गांव में ही गमगीन माहौल के बीच नितिन का अंतिम संस्कार कर दिया गया। नितिन के ताऊ रामपाल के बेटे सौरभ ने उसे मुखाग्नि दी।

ब्लॉक प्रमुख बोले- बुलडोजर एक्शन से संतुष्ट नहीं

ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आरोपियों पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो नजीर बने। उन्होंने पुलिस की बुलडोजर कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए कहा, 'बुलडोजर लाया तो गया, लेकिन सिर्फ छत की रेलिंग तोड़कर औपचारिकता पूरी की गई। आरोपी का मकान 150 गज से ज्यादा में बना हुआ है, इस पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाना चाहिए था।'