
प्रतीकात्मक तस्वीर। सोर्स-Ai
Meerut 13 Year Old Student Death:मेरठ में 13 साल के एक छात्र की स्कूल में अचानक मौत हो गई। सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे छात्र का शव स्कूल के बाथरूम में मिला। बताया जा रहा है कि छुट्टी होने के बाद छात्र टॉयलेट गया था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। इसके बाद ई-रिक्शा चालक और स्कूल स्टाफ ने उसकी तलाश शुरू की।
छात्र की पहचान मवाना क्षेत्र के मोहल्ला काबिली गेट, कलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा के 13 साल के बेटे कुनाल के रूप में हुई है। कुनाल बसंत वैली पब्लिक स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ता था। बच्चे के माता-पिता के मुताबिक, उसे पहले से दिल से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी। परिवार के अनुसार, डॉक्टर्स ने अचानक हार्ट अटैक आने को उसकी मौत की वजह बताया।
सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्र बाहर निकलने लगे। कुनाल रोजाना की तरह ई-रिक्शा से घर जाता था। स्कूल के बाहर ई-रिक्शा चालक बच्चों का इंतजार कर रहा था। बाकी छात्र स्कूल से बाहर आकर रिक्शे में बैठ गए, लेकिन कुनाल नहीं आया। चालक ने करीब 15 मिनट तक उसका इंतजार किया। जब कुनाल बाहर नहीं आया तो वह उसे तलाशने के लिए स्कूल के अंदर पहुंच गया।
ई-रिक्शा चालक ने सबसे पहले कुनाल को उसकी क्लास में तलाश किया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसी दौरान एक छात्र ने बताया कि कुनाल वॉशरूम गया था। इसके बाद चालक स्कूल स्टाफ के साथ बाथरूम की तरफ गया। वहां पहुंचने पर बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। चालक और स्कूल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया और कुनाल को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद स्कूल स्टाफ छत के रास्ते ऊपर पहुंचा और वहां से बाथरूम के अंदर देखा। अंदर कुनाल जमीन पर पड़ा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद किसी तरह अंदर से दरवाजा खोला गया और छात्र को बाहर निकाला गया। वह बेहोशी की हालत में था और उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसके परिवार को घटना की जानकारी दी।
बच्चे के पिता धर्मेंद्र शर्मा सूचना मिलने के बाद स्कूल पहुंचे। वह कुनाल को मवाना के दो अलग-अलग निजी डॉक्टरों के पास लेकर गए। दोनों डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन कुनाल को मेरठ के सुशीला जसवंत राय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने अचानक हार्ट अटैक आने को मौत की वजह बताया। हालांकि, परिवार का कहना है कि कुनाल को पहले कभी दिल से जुड़ी कोई परेशानी नहीं हुई थी।
कुनाल धर्मेंद्र शर्मा का बेटा था और तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन का नाम साक्षी है, जबकि छोटा भाई संचित शर्मा है। परिजनों के मुताबिक, कुनाल रोजाना ई-रिक्शा से स्कूल आता-जाता था। सोमवार को भी वह सामान्य तरीके से स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौट सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी कुनाल के घर पहुंची। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों ने किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से भी इनकार किया। इसके बाद परिवार बच्चे के शव को लेकर घर लौट गया।
Updated on:
07 Sept 2026 07:12 pm
Published on:
07 Sept 2026 07:12 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
