
हरियाणा के पलवल में केएमपी एक्सप्रेस-वे सड़क हादसा। प्रतीकात्मक तस्वीर - पत्रिका
Delhi-Mumbai Expressway Accident: राजस्थान के अलवर जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 96 के पास तेज रफ्तार से जा रही एक पिकअप गाड़ी अचानक बेकाबू होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में पिकअप सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थाना अधिकारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिकअप सवार सभी लोग नर्सरी से जुड़ा काम करते थे। शनिवार सुबह वे काम के सिलसिले में ही यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 96 के पास अचानक पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप से फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान साहदाब, सबाहत और असरफ के रूप में हुई है। ये तीनों उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में स्थित मवाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तुरंत गोविंदगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल गोविंदगढ़ थाना पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर तेज रफ्तार पिकअप अचानक असंतुलित कैसे हुई। वाहन की गति और चालक की स्थिति समेत हर पहलू की जांच की जा रही है।
Updated on:
29 Aug 2026 12:28 pm
Published on:
29 Aug 2026 12:26 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
