
Meerut weather update Today दशहर के दिन से हो रही रूक—रूककर बारिश आज शुक्रवार को भी जारी रही। आज दिन की शुरूआत तेज हवा और हल्की रिमझिम बारिश के साथ हुई। अधिकतम तापमान तो पहले 34 डिग्री तक पहुंच गया था। आज शुक्रवार केा सुबह वह 26—27 डिग्री के बीच पहुंच चुका है। यानी तापमान में 7—8 डिग्री का अंतर आ चुका है। तापमान में गिरावट से गर्मी का असर भी बहुत कम हुआ है। न्यूनतम तापमान इस समय मेरठ में 22 डिग्री है। हवा की गुणवत्ता में भी काफी सुधार हुआ है।
इस समय हवा की गुणवत्ता यानी एक्यूआई 25 है। मेरठ ही नहीं पश्चिमी उप्र के जिलों में भी हल्की बारिश से तापमान में काफी कमी आई है। गाजियाबाद, नोएडा, हापुड, बुलंदशहर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर आदि जिलों में भी हल्की बारिश हुई है। इन जिलों में आज और कल शनिवार को भी बारिश की संभावना है। इस बार मानसूनी मौसम में बारिश पश्चिमी उप्र से पूरी तरह से रूठी रही। जिसके चलते जुलाई से लेकर अगस्त महीने तक औसत से 60 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
सितंबर में बारिश ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए। 15 सितंबर के बाद मेरठ और पश्चिमी उप्र के जिलों में झमाझम बारिश हुई। उसके बाद अक्टूबर के मौसम में भी बारिश हो रही है। दशहरे में बारिश ने पिछले 11 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। दशहरे के बाद भी बारिश के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग की माने तो आज भी आंधी और तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। शनिवार और रविवार को भी बारिश हो सकती है।