परतापुर रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार ट्रेन से कट गर्इ यह युवती, नहीं हो सकी शिनाख्त, मोबाइल भी नहीं हुआ बरामद
मेरठ। परतापुर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के पास एक युवती तेजी से पैदल पहुंची, उसने इस दौरान किसी को फोन मिलाया। दूसरी तरफ से फोन न उठने पर वह कुछ परेशान-सी हो गई, लेकिन कुछ देर बाद ही तेज रफ्तार से ट्रेन वहां से गुजरी और युवती ट्रैक से अलग होकर खड़ी रही। युवती के पास थोड़ी देर बाद किसी का फोन आया और उसने फिर बात करनी शुरू कर दी। बात करने के दौरान युवती तेज आवाज में किसी को बुरा-भला भी कह रही थी। कुछ लोग टहलते हुए युवती के पास पहुंचे और उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन युवती उन लोगों से दूरी बनाकर चलने लगी। मोबाइल पर बात करते हुए युवती ने पटरी के बराबर रखे स्लीपर में जोर से लात मारी और फोन काट दिया। इसके बाद सामने से तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन के आगे अचानक आकर खड़ी हो गई। लोग कुछ समझ पाते तब तक युवती के जिस्म के परखच्चे उड़ चुके थे। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस मान रही खुदकुशी
परतापुर थाना पुलिस इस युवती के खुदकुशी करने की बात कह रही है। क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती ने खुदकुशी कर ली। युवती ने खुदकुशी क्यों की इसका कारण अब तक किसी को नहीं पता सका। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक युवती की पहचान भी नहीं हो पाई। वहां पर कुछ लोगों ने बताया युवती मरने से पहले किसी से बात कर रही थी तभी उधर से एक ट्रेन तेज रफ्तार से आई और युवती उसके सामने आकर खड़ी हो गई। आखिर क्या बात हो रही थी फोन पर जो युवती मरने के लिए तैयार हो गई या कोई और समस्या थी।
मोबाइल नहीं मिला
पुलिस ने मृतक युवती के आसपास मोबाइल तलाशने की कोशिश की, लेकिन युवती का मोबाइल कहीं भी नहीं मिला। इससे उसकी शिनाख्त होने में कठिनाई आ आ रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों को मौके पर बुलाकर मृतक युवती की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
बच सकती थी जान
युवती को ट्रैक के पास घूमते देख लोगों को कुछ शक हुआ तो उन्होंने डायल 100 पर फोन कर युवती के घूमने की जानकारी दी, लेकिन डायल 100 की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि अगर समय से पुलिस पहुंच जाती, तो युवती बच सकती थी। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि युवती द्वारा आत्महत्या की सूचना मिली है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।