थाना प्रभारी मेडिकल संत शरण ने बताया कि महिला अपनी दोनों बेटियों को लेकर थाने आई थी। उनका कहना था कि आरोपित ने मंदिर से लौटते समय छेड़छाड़ की है।
मेरठ. मनचले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। लगातार जनपद में कहीं न कहीं से मनचलों द्वारा लड़कियों से छेड़छाड़ का मामला सुनने को मिल ही जाता है। ऐसा ही एक मामला मेरठ शहर में हुआ, जहां मंदिर में पूजा करके वावस घर जा रही दो बहनों के साथ मनचलें ने अपने साथियों के साथ छेड़छाड़ की। जब युवतियों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें सड़क पर सरेराह पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद भीड़ को जमा होता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं युवतियों की मां ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये है पूरा मामला
बता दें कि मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी दो बहनें मंशा देवी मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थीं। इस दौरान शेरगढ़ी का रहने वाले अरुण ने मंगलवार को सद्भावना पार्क के पास अरुण ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों युवतियों को जबरन बाइक पर खींचने का प्रयास किया। वहीं युवतियों की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि छोटी बेटी को काफी दिनों से परेशान कर रहा है। मनचलें के डर से दोनों ने दो सप्ताह पहले कॉलेज जाना भी छोड़ दिया। लेकिन अब भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।
दो बहनों ने छोड़ा कॉलेज जाना
थाने पहुंची एक युवती ने शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं महिला ने बताया कि उनकी छोटी बेटी स्टेडियम में रोजाना खेलने जाती है। पहले भी मनचला उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास कर चुका है। तब लोकलाज के डर से उन्होंने पुलिस को शिकायत नहीं दी थी। महिला का कहना है कि दोनों बहनें ईव्ज चौराहे स्थित एक कॉलेज में पढ़ती थीं। आरोपित कॉलेज तक दोनों का पीछा करता है। उसके डर से दोनों बहनें दो सप्ताह से कॉलेज भी नहीं जा रही हैं।
आरोपियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई-थाना प्रभारी
वहीं इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी मेडिकल संत शरण ने बताया कि महिला अपनी दोनों बेटियों को लेकर थाने आई थी। उनका कहना था कि आरोपित ने मंदिर से लौटते समय छेड़छाड़ की है। महिला की तहरीर पर चौकी प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को पकड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें : दहेज का मुकदमा खत्म करने को सास ने वसूली पांच लाख की रकम