
बागपत। भारत के मुसलमान प्रभु राम के वंशज हैं। ये मुगलों के वंशज नहीं हैं। इसलिए राम मंदिर का विरोध न करें और जो राम मंदिर का विरोध कर रहे हैं वो भी समर्थन में आ जाएं। वरना उनसे हिन्दू नाराज हो जाएंगे। मुस्लिमों से नफरत करने लगेंगे और अगर ये नफरत ज्वाला में बदल गयी तो मुस्लिम सोचें फिर क्या होगा। साथ ही मंत्री ने जनभागीदारी के माध्यम से देश में राम मंदिर निर्माण और जनसख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग उठाई।
प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने ये भी कहा कि राम मंदिर निर्माण मुद्दा अब दूसरे चरण का कैंसर बन गया है। जिसका अब इलाज हो जाना चाहिए। वरना ये बीमारी लाइलाज हो जाएगी। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि देश में अब अल्पसंख्यक की परिभाषा भी बदलनी चाहिए। जहां किसी समुदाय की जनसंख्या 2 प्रतिशत है वहां भी वह अल्पसंख्यक और जहां 98 प्रतिशत है वहां भी अल्पसंख्यक है। अब यह बदलना चाहिए।
दरअसल केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बागपत में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने देश में लगातार बढ़ रही जनसंख्या पर रोक लगाने के लिए लोगों को सम्बोधित किया और केवल 2 बच्चे पैदा करने के लिए कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या देश के संसाधनों को समाप्त कर देगी। जिस पर समय रहते रोक लगनी चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद गिरिराज सिंह ने कहा कि सनातन परंपरा को बचाने वाले हमारे आराध्य प्रभु राम का मंदिर बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए कड़ा कानून बनना चाहिए और इसे न मानने वाले पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान।