यूपी के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला योजना की बैठक
मेरठ। यूपी के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री एवं जिला योजना के प्रभारी मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह जिला योजना की बैठक में भाग लेने मेरठ आए। कई वित्तीय योजनाओं को स्वीकृत प्रदान करते हुए उन्हाेंने अफसरों को कांवड़ यात्रा की तैयारी की भी हिदायत दे दी। उन्होेंने कहा कि अधिकारी कांवड़ यात्रा की अभी से तैयारी कर लें। उन्होंने अफसरों से दो टूक कहा कि यदि इस बार यात्रा के दौरान कांवड़ियों को कोई परेशानी हुई तो संबंधित अफसर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैयारियों को दुरूस्त करने और उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों ने समस्याआें से अवगत कराया
इस दौरान बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रभारी मंत्री के समक्ष अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया गया। जिस पर मंत्री ने समस्याओं से अवगत होते हुए उसको समय से निस्तारित करने के सम्बंधित को निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि वे आगामी कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए अभी से तैयारी कर लें और सुनिश्चित करें कि वहां पर पानी, सड़क, प्रकाश, सफाई व सुरक्षा व्यवस्था की पूर्ण व्यवस्था हो।
विकास के लिए खोली करोड़ों की झोली
वित्तीय वर्ष 2018-19 की 37897 लाख रुपये की जिला योजना की स्वीकृति देते हुए अफसरों से कहा कि वे अपने विभागीय कर्तव्यों का सही से निर्वहन करें। जो भी कार्य कराए उसमें गुणवत्ता व पारदर्शिता का पूर्ण ध्यान रखें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रशासनिक अधिकारी शासन की प्रथम कड़ी है, इसलिए वह बिना भेदभाव के अपनी विभागीय योजनाओं से जरूरतमंद पात्रों एवं वंचितों को प्राथमिकता पर लाभान्वित करें। बचत भवन सभागार में जिला योजना समिति की बैठक की अध्यक्ष्ता करते हुए मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में जन प्रतिनिधियों की भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप विकास की धारा समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंच सके।
गन्ने का 10 हजार 500 करोड़ का भुगतान
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 में 119 लाख टन गन्ना उत्पादन हुआ है, जबकि गत वर्ष में 88 लाख टन गन्ना उत्पादन हुआ था। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से चीनी मिलों द्वारा गत 2014 से 2017 तक का 10 हजार 500 करोड़ का भुगतान कराया गया है। इस वर्ष का 21 हजार 800 करोड़ रुपये का भुगतान अब तक गन्ना किसानों को किया गया है। उन्होंने बताया शीघ्र ही गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कराया जाएगा, जिसके लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है।