
UP Assembly Elections 2022 उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए सात चरणों में होने वाले मतदान में पहले चरण की वोटिंग कोहरे तथा ठंड के बाद भी शुरू हो गई है। मतदाता सात बजे से पहले ही केन्द्रों में पहुंच गए थे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2002 में पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्र के मतदाता आज अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रात: सात बजे से शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में आज प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
मेरठ में गठबंधन प्रत्याशी पर दबाव बनाकर वोट डलवाने के आरोप लगाए गए हैं। जिसे बाद में मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच में असत्य पाया है। मेरठ के जिलाधिकारी के बालाजी ने सुबह मतदान शुरू होते ही अधिकांश मतदान केन्द्र का दौरा किया। उन्होंने बताया कि सभी बूथ पर मतदान का काम चल रहा है।
कुछ बूथों से ईवीएम में खराबी का मामला सामने आने के बाद ईवीएम में मिली खराबी को दूर किया गया। कुछ ईवीएम को बदला भी गया है। जिले में सभी जगह पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। कहीं से भी कानून कानून-व्यवस्था खराब होने के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। मेरठ में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डा0सोमेंद्र तोमर ने भी अपना वोट डाला। मतदान के बाद डा0सोमेंंद्र तोमर ने कहा कि यह चुनाव बहन-बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा चुनाव है। सरकार में हमारी बेटियां आज पूरी तरह से सुरक्षित हैं। पहले बेटियों के लिए शाम छह बजे के बाद कर्फ्यू लग जाता था। इस ओर हमारी सरकार ने काम किया है और करके दिखाया है। हम इस बार 300 से ज्यादा सीटें लाएंगे।
बागपत और मेरठ में कोहरे और ठंड के बीच में भी मतदाता पहुंचे, लेकिन कई जगह पर ईवीएम में खराबी के कारण उनको कुछ देर इंतजार करना पड़ा। बागपत के खेकड़ा के जैन इंटर कालेज के बूथ नंबर 231 पर ईवीएम आधे घंटे से खराब थी। इसके साथ ही रटौल कस्बे के सेंट मेरी इंटर कॉलेज में दो बूथों पर बीस मिनट बाद मतदान शुरू हुआ। मेरठ में ईवीएम में खराबी के कारण मतदान बाधित रहा। कैंट में बूथ नंबर 20 पर ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान प्रभावित हो गया। शास्त्रीनगर के वसंतिका स्कूल में भी घंटों ईवीएम खराब रही। जिससे मतदाता लाइनों में खड़े रहे।