
मेरठ. उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय (Western Disturbance) होने के कारण एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में बुधवार रात को बारिश (Rain) हुई है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो सात मार्च तक इसी तरह रुक-रुककर बारिश होगी। इसके चलते होली (Holi) तक ठंड भी बढ़ेगी।
मोदीपुरम के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही ने बताया कि बुधवार से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और भारी बारिश होगी। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों सात मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर भारी बारिश होगी। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में 40 मिमी तक बारिश तक बारिश की संभावना जताई है।
बता दें कि एकाएक बुधवार शाम से मौसम बदल चुका है। बुधवार रात नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर व मेरठ के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इसके चलते गुरुवार सुबह लोगों ने ठिठुरन महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में होली से पहले दिन का तापमान अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं रात का तापमान न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।
होली तक हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, होली तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बुधवार को जहां मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर व बुलंदशहर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। वहीं 7 मार्च तक मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, बांदा, सुल्तानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, अमेठी, बहराईच, फैजाबाद, वाराणसी, शाहजहांपुर, बरेली, अलीगढ में तेज-हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।