
गाजियाबाद. गाजियाबाद के दो कोरोना (Coronavirus) के संदिग्ध मरीजों को दिल्ली में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले एक युवक राजनगर एक्सटेंशन में हुई एक पार्टी में आया था, जिसमें कोरोना के लक्षण पाए जाने पर उसे दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी तरफ इंदिरापुरम इलाके में भी एक संदिग्ध मरीज को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जबकि कविनगर इलाके में भी एक संदिग्ध मरीज को घर में ही उच्च निगरानी में रखा गया है। बहरहाल प्रशासन भी पूरी तरह इस बात को लेकर गंभीर है और स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है।
केंद्रीय मंत्री व सांसद जनरल वीके सिंह ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं और कोरोना को लेकर जरूरी कदम उठाए जाने के लिए कहा है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) का गठन किया है, जो संदिग्ध मरीजों पर कड़ी नजर रखेगी। यह टीम लगातार लोगों को जागरूक कर रही है कि कोरोना से भयभीत न हों। ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें और लगातार हैंड वाॅश यानी सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। यदि भीड़भाड़ वाले इलाके में जाना आवश्यक है तो बगैर मास्क लगाए न जाएं। इससे काफी हद तक बचा जा सकता है। दो संदिग्ध मिलने के बाद गाजियाबाद में संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़कर 12 पहुंच गई है। हालांकि अभी तक 9 मरीजों के सैंपल नेगेटिव आए हैं। जबकि 3 मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
वहीं, गाजियाबाद के लोगों को 12 मरीज संदिग्ध मिलने की जानकारी मिलने के बाद से लोगों में भय का माहौल है। जिले में एकाएक मास्क और सैनिटाइजर की मांग बढ़ गई है। कुछ मेडिकल स्टोर्स पर ही सैनिटाइजर व मास्क उपलब्ध ही नहीं हैं। वहीं जिन स्टोर्स पर मास्क व सैनिटाइजर मिल रहे हैं तो उनकी कीमत भी अधिक है।
Published on:
05 Mar 2020 09:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
