
Today Weather Update: पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव बना हुआ है। पश्चिम यूपी में गर्मी अपना असर दिखा रही है। मेरठ और आसपास के जिलों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना मौसम वैज्ञानिकों ने जताई है।
शनिवार को बुलंदशहर का तापमान 41 डिग्री था। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पर बना हुआ था। आज तापमान में वृद्धि की संभावना है। शनिवार को पूरे दिन गर्म हवाएं चलती रही। गर्म हवा की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि मौसम पिछले कुछ समय से लगातार बदल रहा है। इससे कभी तेज धूप तो कभी छांव की स्थिति बन रही है। पिछले दिनों बारिश से तापमान गिरा था। इसके बाद तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
बदले मौसम के बीच शनिवार को लोगों ऐसा महसूस हुआ जैसे आसमान से आग बरस रही हो। तेज गर्म हवा चलने से उड़ी धूल ने राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी बढ़ाई है। गर्मी से बचने के लिए लोग गन्ने का जूस, शिकंजी एवं ठंडा पानी, मैंगो शेक पीते दिखाई दिए।
जिससे बढ़े तापमान में पेय पदार्थों से शरीर को कुछ राहत मिल सके। व्याकुल पशु-पक्षी गांव-देहात में पेड़ों के नीचे और शहरों की गलियों में छाया तलाश रहे हैं। आज हवा की गति 21 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रहने की संभावना है। आर्द्रता 20 प्रतिशत रहेगी।