मेरठ

शिक्षिका पत्नी की हत्या कर मेरठ भागा पति, 5 साल के बेटे को भाई को सौंपा और खुद पहुंचा नशा मुक्ति केंद्र

Husband Kills Wife: बिस्तर पर नग्नअवस्था में महिला की लाश मिली। हत्या के बाद महिला का पति नशा मुक्ति केंद्र भर्ती होने पहुंच गया। जानिए सनसनीखेज पूरा मामला क्या है?
2 min read
Apr 07, 2026
wife murdered by husband then admitted to drug de addiction centre know whole story meerut
पति ने की पत्नी की हत्या। फोटो सोर्स-AI

Husband Kills Wife: उत्तर प्रदेश के रामपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में एक शिक्षिका की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान एकता उर्फ पूजा के रूप में हुई है, जो प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका थीं। उनका शव किराए के मकान में संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।

घटना का खुलासा 2 दिन बाद

इस वारदात का खुलासा घटना के करीब 2 दिन बाद हुआ। सोमवार सुबह जब दूध सप्लाई करने वाला व्यक्ति घर पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक और आसपास के लोग जब अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। शिक्षिका का शव बिस्तर पर नग्न अवस्था में चादर से ढका हुआ पड़ा था।

पति पर हत्या का आरोप, मेरठ से हिरासत में

पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या के पीछे मृतका का पति राहुल है। घटना के बाद वह अपने 5 वर्षीय बेटे आदि को लेकर मेरठ पहुंचा और उसे अपने भाई के पास छोड़ दिया। इसके बाद राहुल खुद नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गया। पुलिस टीम जब मेरठ पहुंची तो आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली है। पुलिस उसे रामपुर लाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

क्या है पूरा मामला

मृतका एकता उर्फ पूजा मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के खतौली क्षेत्र के भैंसी गांव की रहने वाली थीं। उनकी शादी 8 वर्ष पहले मेरठ जिले के मवाना क्षेत्र के गड़ीना गांव निवासी राहुल से हुई थी। करीब 2 साल पहले एकता की नियुक्ति रामपुर के चमरौवा ब्लॉक के ठाकुरद्वारा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में हुई थी। इसके चलते वह अपने पति और बेटे के साथ सिविल लाइंस की शिव विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थीं।

घटना से पहले की गतिविधियां

पुलिस जांच में पता चला कि रविवार सुबह राहुल को कुछ लोगों ने बेटे के साथ जल्दी-जल्दी जाते हुए देखा था। बाद में जानकारी मिली कि वह मेरठ पहुंचा और अपने छोटे भाई को फोन कर सोहराब गेट बुलाया। वहां उसने बेटे को भाई के हवाले कर दिया। इस दौरान वह नशे की हालत में था और उसने खुद को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने की बात कही। इसके बाद उसे मेरठ के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा दिया गया।

नशे की लत से परेशान था आरोपी

परिजनों के अनुसार राहुल को लंबे समय से नशे की लत थी। उसे पहले भी दो बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया जा चुका था, लेकिन वह पूरी तरह ठीक नहीं हो सका। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर उसने अपनी पत्नी की हत्या क्यों की।

पुलिस जांच जारी

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर रामपुर लाया जा रहा है। मामले में जल्द ही FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

इलाके में दहशत और सवाल

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस सनसनीखेज वारदात के पीछे के असली कारणों का खुलासा करेगी।