आरोपी युवक बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार मेरठ के खरखौदा क्षेत्र का है मामला एसएसपी ने युवक की गिरफ्तारी के निर्देश दिए
मेरठ। भाजपा सरकार में भले ही महिलाओं को भयमुक्त समाज देने की बातें कही जाती हो, लेकिन हकीकत इससे कुछ अलग ही है। दुष्कर्म पीड़ित महिला को आरोपी लगातार धमकी देता रहा। महिला ने इसकी शिकायत थाने में भी की। लेकिन वहां पर भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे दुष्कर्म के आरोपी युवक का दुस्साहस बढ़ता गया। आरोपी युवक ने पीड़ित महिला पर समझौते का दबाव बनाया, लेकिन महिला ने इसके लिए मना कर दिया।
महिला ने शुक्रवार की शाम को थाने पहुंचकर अपनी लिखित तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके बाद बीती शनिवार आरोपी महिला के घर पर बाइक से पहुंचा और पीड़िता के ऊपर तेजाब डाल दिया। महिला तेजाब से बुरी तरह से झुलस गई। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी युवक अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ। महिला को नजदीक के नर्सिग होम में भर्ती कराया। लेकिन हालत बिगड़ती देख उसको मेडिकल के लिए रेफर कर दिया। एसएसपी नितिन तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी युवक को गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद युवक नाटकीय ढंग से एसएसपी कार्यालय पहुंचा और अपने आप को बेकसूर बताते हुए प्रार्थना पत्र दिया।
पीड़ित महिला अपने दो बच्चों के साथ बिजली बंबा पुलिस चौकी के पास रहती है। आरोप है कि पड़ोसी युवक टीटू राणा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे जबरन अपने साथ रखने की जिद करने लगा। आसपास के लोगों का कहना है कि महिला अच्छे चरित्र की हैं जबकि आरोपी काफी समय से उसको परेशान कर रहा है। इसकी शिकायत लोगों ने पहले भी थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी देहात अविनाश पांडे ने बताया कि आरोप की तलाश की जा रही है। महिला की हालत में सुधार है।
UP Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App