
आरोपी दरोगा वायरल फोटो इंटरनेट मीडिया से
मेरठ में कारोबारी को दिल्ली बम धमाकों में आरोपी बनाकर आतंकी घोषित करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की उगाही करने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस जांच में दोनों दरोगाओं के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद चार्जशीट तैयार कर ली गई है। शासन से मंजूरी मिलते ही इसे कोर्ट में दाखिल किया जाएगा। मामला सामने आने के बाद दोनों आरोपी दरोगाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में रहने वाले धागा कारोबारी रासिख से 20 लाख रुपये की वसूली करने के मामले में पुलिस ने दो दरोगाओं के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने कारोबारी को दिल्ली बम धमाकों के केस में फंसाने और आतंकी घोषित करने की धमकी देकर रकम वसूली थी।
घटना 8 दिसंबर 2025 की बताई गई है। पीड़ित रासिख के अनुसार, कार सवार दो दरोगा उन्हें घर के पास से जबरन उठाकर ले गए थे। इसके बाद उन्हें कई घंटों तक अवैध रूप से हिरासत में रखा गया। आरोपियों ने परिवार वालों को फोन कर कहा कि रासिख को दिल्ली ब्लास्ट मामले में आरोपी बनाकर जेल भेज दिया जाएगा। डर के माहौल में परिवार से 50 लाख रुपये की मांग की गई थी।
बताया गया कि बाद में सौदा 20 लाख रुपये में तय हुआ। यह रकम रासिख के बहनोई नईम ने पहुंचाई थी। आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी दोनों दरोगा लगातार और रकम मांगते रहे। परेशान होकर रासिख ने तत्कालीन एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से शिकायत की थी।
मामले की जांच पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई। जांच के दौरान कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान जुटाए गए। पुलिस को वसूली और अवैध हिरासत के पर्याप्त सबूत मिले। इसके बाद आरोपी दरोगा लोकेंद्र साहू और महेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया था। चर्चा रही कि उनके पास से 15 लाख रुपये भी बरामद हुए थे।
10 फरवरी 2026 को लिसाड़ी गेट थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उन पर भ्रष्टाचार, धमकी देकर वसूली और अवैध हिरासत जैसी गंभीर धाराएं लगाई गईं। मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। उनकी तलाश में स्वाट टीम लगाई गई थी। बाद में मेरठ पुलिस ने दोनों को इलाहाबाद से गिरफ्तार किया। इसके बाद कोर्ट में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार की गई है। शासन की अनुमति मिलते ही इसे कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।
Updated on:
20 May 2026 12:31 pm
Published on:
20 May 2026 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
