
यूपी का गैंगस्टर भाग गया नेपाल, PC- Patrika
मेरठ(Gangster Udham Singh Karnaval ) : पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात गैंगस्टर उधम सिंह करनावल फर्जी दस्तावेज बनाकर जमानत हासिल करने के मामले में अब भारी मुसीबत में फंस गया है। मेरठ पुलिस ने उसके सिर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है, जबकि इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की फाइल तैयार कर एडीजी कार्यालय भेज दी गई है। एसटीएफ भी उसकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई है।
उधम सिंह 26 मार्च 2026 को उन्नाव जेल से करीब 4 साल 8 महीने बाद जमानत पर रिहा हुआ था। रिहाई के बाद पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमानत ली थी।
सरूरपुर थाना क्षेत्र के जसड़ निवासी अनवर और बागपत के छपरौली निवासी राहुल को जमानती बनाया गया था। दोनों ने कोर्ट में हलफनामा देकर कहा कि उन्होंने उधम सिंह की जमानत नहीं ली थी और उनके दस्तावेजों पर बिना उनकी जानकारी के हस्ताक्षर कराए गए। अनवर ने तहरीर दी कि करनावल निवासी बाबू पंडित और शेखर फोगाट ने लोन दिलाने के नाम पर उनके आधार, पैन कार्ड और सिग्नेचर ले लिए थे, जिनका दुरुपयोग जमानत में किया गया।
इस पर सरूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। 7 मई को दोनों जमानतियों ने कोर्ट में जमानत वापस ले ली। कोर्ट ने उधम सिंह की जमानत रद्द कर दी और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।
एसटीएफ और मेरठ पुलिस की कई टीमें यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को सूचना है कि उधम सिंह नेपाल (काठमांडू) भाग गया है, जहां उसकी दूसरी पत्नी गीतांजलि रहती है। कुछ सूत्र गोवा की भी बात कर रहे हैं। देहरादून एयरपोर्ट फुटेज और काठमांडू में उसके वीडियो भी सामने आए हैं।
उधम सिंह D-50 गैंग का सरगना है। उसके खिलाफ 71 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और गैंगवार शामिल हैं। 2011 में उसने गाजियाबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, लेकिन जेल से गैंग चलाता रहा। 2021 में रिहाई के बाद उसने करनावल में बैंक अधिकारी को धमकाकर रंगदारी मांगी थी। उसके खिलाफ रासुका भी लग चुका है।
योगी सरकार की माफिया सूची में शामिल उधम सिंह पर गवाह खौफ के कारण मुंह नहीं खोलते, जिससे वह कई मामलों में बरी भी हो चुका है।
पुलिस सूत्रों और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इनाम घोषित होते ही उधम सिंह नेपाल भाग गया है। उसकी दूसरी पत्नी गीतांजलि काठमांडू में रहती है (जिसकी पहली शादी एक डिप्टी एसपी से हुई थी)। देहरादून एयरपोर्ट की फुटेज और काठमांडू में उसके साथ वायरल वीडियो भी सामने आए हैं।
इसके अलावा एक महीने पुराना वीडियो वायरल है जिसमें वह चंडीगढ़ के पास बीयर खरीदते दिख रहा है। उसके डिस्को और जिम वाले वीडियो भी सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं। मेरठ पुलिस का कहना है कि सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक तरफ पुलिस घेराबंदी कर रही है, तो दूसरी ओर 22 जुलाई 2021 का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उधम सिंह तत्कालीन सीओ सरधना आरपी शाही के साथ अपने गांव करनावल के घर पर दिख रहा है। गैंगस्टर टशन में कहता नजर आ रहा है। 'सीओ साहब के साथ भी वीडियो बनाना है।' वीडियो में पुलिस अधिकारी और परिवार के लोग हंसते हुए दिख रहे हैं।
Updated on:
21 May 2026 12:17 pm
Published on:
21 May 2026 12:06 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
