अहरौरा स्थित टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों द्वारा एमपी के एक ट्रक चालक से जबरन पैसे ट्रांसफर कराए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ट्रक टोल के पास लगे खंभे से टकरा गया। इसके बाद टोल कर्मियों ने चालक से खाते में 20 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए...
मिर्जापुर: अहरौरा स्थित टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों द्वारा एमपी के एक ट्रक चालक से जबरन पैसे ट्रांसफर कराए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ट्रक टोल के पास लगे खंभे से टकरा गया। इसके बाद टोल कर्मियों ने चालक से खाते में 20 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। आरोप है कि इस दौरान ट्रक चालक को धमकी दी गई और उसके साथ हाथापाई भी की गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक संख्या JH 03 AM 1444 मध्य प्रदेश के सिंगरौली से कोयला लादकर चंदौली स्थित चंधासी कोयला मंडी जा रहा था। इसी दौरान अहरौरा टोल प्लाजा के पास ट्रक के बाएं साइड से दूसरा वाहन आ गया जिसके बाद चालक ने ट्रक को दाहिने तरफ मोड़ लिया। इससे ट्रक डिवाइडर पर चढ़कर एक खंभे से टकरा गया, जिससे खम्भा टेढ़ा हो गया। ट्रक के खंभे से टकराने के बाद टोल कर्मी ट्रक ड्राइवर के साथ हाथापाई करने लगे और पैसे की डिमांड करने लगे।
आरोप है कि ट्रक चालक अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगा तो स्कॉर्पियो में सवार होकर टोलकर्मी और टोल के मैनेजर अतुल सिंह ट्रक का पीछा करने लगे और कुछ दूर आगे जाने के बाद ट्रक को रुकवा लिया। ट्रक के मालिक संजय सिंह ने बताया कि ड्राइवर सत्यम केवट को टोलकर्मी धमकाने लगे हिसके बाद उसने इसकी जानकारी उन्हें दी। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल कर्मियों द्वारा उनसे 50 हजार रुपए की डिमांड की जाने लगी, लेकिन किसी तरह उन्होंने 20 हजार रुपए उमेश कुमार सिंह नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
संजय ने आरोप लगाया है कि घटना के कुछ देर बाद वह टोल पर पहुंचे इसके बाद उन्हें बंधक बनाया गया और उनसे 40 हजार रुपए की और डिमांड की जाने लगी। ट्रक मालिक ने आरोप लगाया कि इस दौरान टोल मैनेजर अतुल सिंह ने उन्हें धमकी दी और कहा कि पैसे दो वरना तुम्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। ट्रक मालिक ने आरोप लगाया कि अतुल सिंह ने उन्हें कहा कि उनकी पुलिस में बहुत ज्यादा जान पहचान है। अगर वह पैसे नहीं देंगे तो उन्हें झूठे मुकदमे में भी फसवा दिया जाएगा। इसके बाद किसी तरह से संजय वहां से निकले। हालांकि उन्होंने अभी तक इस मामले में पुलिस को सूचित नहीं किया है।
यह पहली बार नहीं है जब अहरौरा टोल प्लाजा पर कर्मियों द्वारा गुंडई किए जाने का मामला सामने आया है। इससे पहले मई 2025 में एक पैरामिलिट्री के जवान के साथ भी टोल कर्मियों ने मारपीट की थी और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वहीं, इससे पहले केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अहरौरा टोल प्लाजा को हटाए जाने को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी लिखा था।