
सांकेतिक फोटो
मिर्जापुर: पड़री थाना क्षेत्र में रविवार को हुई नाबालिक लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। वहीं घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है पुलिस को आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी ने बताया है कि वह लड़की से संबंध बनाना चाहता था और विरोध करने पर दोस्त संग मिलकर उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर की पड़री पुलिस को मुखबीर के द्वारा सूचना मिली कि स्थानीय थाने पर दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित बाइक से गौराराज की तरफ जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने बाउड़री पहाड़ी के समीप बदमाश का पीछा करते हुए घेराबंदी की। वहीं पुलिस से घिरता देख गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने बताया है कि पकड़ा हुआ आरोपी अजय बिन्द है जो मड़िहान के सुखनई का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को तुरंत ही पुलिस की जीप में बैठकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, डॉक्टरों की देखरेख में आरोपी का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने बताया है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक खोखा और एक जिन्दा कारतूस व एक देसी कट्टा बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पास से एक गमछा भी बरामद किया गया है, जिससे उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया था। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाने पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके उसकी बाइक को सीज कर दिया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि गांव बसारी की रहने वाली नाबालिक लड़की की हत्या को उसने अपने दोस्त राजन उर्फ़ साजन के साथ मिलकर अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि किशोरी से राजन का पहले से ही प्रेम संबंध था। इस दौरान राजन ने उससे कहा कि यदि वह उसके प्रेमिका से मिलना चाहता है तो साथ में चले। इसके बाद दोनों उससे मिलने के लिए पहुंचे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान राजन अपनी प्रेमिका से शारीरिक संबंध बनाने लगा। इसके बाद उसने भी शारीरिक संबंध बनाने की इच्छा जताई, जिसपर किशोरी ने इसका विरोध किया और शोर मचाने लगी।
आरोपी ने बताया कि किशोरी के विरोध के बाद उसने उसके सीने पर पत्थर से हमला कर दिया और राजन के साथ मिलकर उसका मुंह और गमछा से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक कर भाग गए। आरोपी ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज हो जाने के बाद वह पुलिस से बचने के लिए भागने की प्लानिंग कर रहा था। इसी दौरान मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
Updated on:
25 May 2026 10:56 am
Published on:
25 May 2026 10:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
