
सांकेतिक फोटो
वाराणसी: नमो घाट पर एक बार फिर प्राइवेट गार्ड और बाउंसरों की गुंडागर्दी सामने आई है। बताया जा रहा है कि सोनभद्र से आए युवकों को बाउंसर और गार्ड ने जमकर मारा पीटा। मारपीट की इस घटना में एक किशोर की मौत हो गई जबकि कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, मारपीट की इस घटना के बाद आदमपुर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाराणसी के नमो घाट पर आए दिन गार्ड और बाउंसरों की गुंडागर्दी सामने आती है। रविवार की सुबह सोनभद्र से आए कुछ युवक घाट पर पहुंचे। इसके बाद बाउंसर के साथ उनकी कहासुनी हुई और गार्ड व बाउंसरों ने मिलकर युवकों के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है की मारपीट की इस घटना में सोनभद्र के 17 वर्षीय राजेंद्र उर्फ चिंटू की मौत हो गई।
किशोर के साथ वाराणसी पहुंचे बृजेश ने बताया कि परिवार के एक सदस्य बीमार हैं, जिनके लिए दवा लेने सभी लोग वाराणसी पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें परिवार के एक अन्य सदस्य से भी मुलाकात करनी थी, जिसके बाद सभी घूमने के लिए नमो घाट पहुंचे। बृजेश ने बताया कि जब वे नमो घाट पहुंचे तो वहां मौजूद प्राइवेट गार्ड्स और बाउंसरों ने उन्हें घाट पर जाने से रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
बृजेश ने बताया कि इसी दौरान बाउंसर ने उन्हें गालियां दी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। वही शोर सुनकर 10-12 की संख्या में लाठी डांडों से लैस सुरक्षा गार्ड और बाउंसर पहुंचे और बिना पूछे ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान राजेंद्र को चोट लगी और वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद सभी लोग मिलकर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद मौके पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने चार बाउंसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने बताया है कि घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी तो सारी सच्चाई खुलकर सामने आ जाएगी। वहीं, आदमपुर पुलिस ने बताया है कि मारपीट की घटना में किशोर की मौत हो गई है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मारपीट की घटना में घायल हुए सभी लोगों का कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया है कि चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
24 May 2026 11:27 am
Published on:
24 May 2026 11:19 am
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
