
dead body (Demo pic)
Train Accident in Varanasi : वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की शाम हुए एक दर्दनाक रेल हादसे में भाई और बहन की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक के पास दोनों ही बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने दौड़ा 17 वर्षीय उसका भाई इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई के डर से युवती के शव को भूसा रखने वाले कमरे में छुपा दिया, जिसे पुलिस ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, राजपुर गांव की रहने वाली हीरामणि बुधवार की शाम रेलवे ट्रैक के किनारे बकरियां चल रही थी। इसी दौरान वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रही है तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। पुलिस ने बताया कि ट्रेन को आता देख हीरामणि ट्रैक से बकरियों को हटाने की कोशिश करने लगी, तभी ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, बहन को खतरे में देखकर उसका छोटा भाई रिंकू पाल उसे बचाने के लिए ट्रैक की ओर दौड़ा, लेकिन वह भी ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया है कि हीरामणि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हुए रिंकू को परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया है।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई के डर से युवती का शव भूसा घर में छुपा दिया। इसके बाद मिर्जामुराद पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल पर शव बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की और करीब 3 घंटे की तलाश के बाद पुलिस ने शव बरामद कर कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, हीरामणि मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, जिसका इलाज चल रहा था। वहीं, परिवार में दो बच्चों की मौत के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिर्जामुराद थाना अध्यक्ष गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि युवती के शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जबकि किशोर के शव को गुरुवार की सुबह कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने युवती के शव को भूसे में छुपाया था, इसको लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
Updated on:
09 Jul 2026 09:51 am
Published on:
09 Jul 2026 09:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
