8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP में पूर्व ARTO के घर भारी मात्रा में मिला सोना-चांदी और करोड़ों का कैश, सपा MLA रविदास मेहरोत्रा ने योगी सरकार पर उठाए सवाल

UP Vigilance Raid: उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग (Uttar Pradesh Transport Department) के रिटायर्ड ARTO ललित कुमार (Lalit Kumar) के ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी में बड़ी रकम और सोना-चांदी बरामद हुआ है। इस मामले पर समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ​​ने प्रतिक्रिया दी है।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Vinay Shakya

Jul 08, 2026

EX ARTO Lalit Kumar

UP में पूर्व ARTO के घर बड़ी मात्रा में मिला सोना-चांदी और कैश (सोर्स- पत्रिका)

UP विजिलेंस की रेड में परिवहन विभाग के रिटायर्ड ARTO ललित कुमार (Lalit Kumar) के ठिकानों पर 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, 1.62 करोड़ रुपए कैश समेत कुल 35 करोड़ रुपए की संपत्ति बरामद हुई है। इस मामले पर समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ​​ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ​​ने कहा- परिवहन विभाग के एक सेवानिवृत्त अधिकारी के आवास से 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों रुपए नकद बरामद होना उत्तर प्रदेश में पिछले 9 वर्षों में हुए भ्रष्टाचार का प्रमाण है। मेरी राय में राज्य के लगभग 90 प्रतिशत अधिकारियों के पास इसी तरह की संपत्ति है।

क्या है पूरा मामला?

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद 7 और 8 जुलाई 2026 को लखनऊ स्थित ललित कुमार के आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई उनके खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामले की जांच के तहत की गई।

विजिलेंस के अनुसार, छापेमारी के दौरान लगभग 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी और 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। केवल सोना, चांदी और नकदी की कीमत ही लगभग 20 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इसके अलावा निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का ब्यौरा, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड, पोस्ट ऑफिस निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं।

चढ़ावा चोरी मामले पर भी सपा नेता ने दी प्रतिक्रिया

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर भी रविदास मेहरोत्रा ​​ने प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही उन्होंने यूपी सरकार के मंत्रियों पर भी आरोप लगाया है। रविदास मेहरोत्रा ​​ने कहा- ऐसा प्रतीत होता है कि राम मंदिर से कथित तौर पर चोरी हुई भेंटों के वितरण को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण ये आरोप सामने आए हैं। इन आरोपों के अनुसार, कई अधिकारी, मंत्री और अन्य वरिष्ठ व्यक्ति इसमें शामिल हो सकते हैं।

अखिलेश बोले- चंदा चोरी की खबर पूरी दुनिया में फैल गई

अयोध्या राम मंदिर चंदा एवं चढ़ावा चोरी मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा- अयोध्या के मंदिर से ‘चढ़ावा, चंदा, दान चोरी’ का समाचार समस्त विश्व में फैल चुका है।

दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाला सनातनी भाजपा और उनके संगी-साथियों के कृत्यों से हो रही बदनामी की वजह से शर्मसार हैं। इसलिए आहत भी कि उन्होंने भी मंदिर में दान-चंदा भिजवाया था या स्वयं आकर चढ़ाया था। इस प्रकरण से सम्पूर्ण विश्व में सनातन समाज आक्रोशित है, क्योंकि धर्म के साथ देश को भी भाजपाई अधर्मियों के कारण अपयश का शिकार होना पड़ रहा है।

अखिलेश ने कहा कि दुनिया भर के निवेशक भी अब अपना हाथ खींच रहे हैं, क्योंकि उन्हें लग रहा है कि ऐसी सरकार का क्या भरोसा जिसने अपने भगवान के दानपात्र तक को नहीं छोड़ा। वो कल को हमारे निवेश को क्या छोड़ेगी? भाजपा सरकार ने अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता पूरी तरह खो दी है।