
Pc-patrik
जौनपुर: खेतासराय थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में जौनपुर जिले में बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। वहीं, मौके से उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। इस एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मियों की जान भी बाल-बाल बची है।
जौनपुर में 1 मई को हुए दूल्हा हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख के इनामी बदमाश रवि यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में लाइन बाजार थाना प्रभारी को भी गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए हैं। वहीं, एक और पुलिस अधिकारी को गोली लगी है, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट होने की वजह से उनकी जान बच गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खेतासराय थाना इलाके के गोगरी में आरोपी रवि अपने साथी के साथ मौजूद है, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। बताया गया कि इस दौरान जिले के कई थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंची। इसी दौरान दो बदमाश बाइक से आ रहे थे जिन्हे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इसके बाद अवैध असलहे से दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रवि गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ की इस घटना में घायल हुए एक लाख के इनामी बदमाश रवि यादव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि का एक साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है। गौरतलब है कि एक मई को बारात ले जाने के दौरान हुई दूल्हे की हत्या के बाद से ही पुलिस टीम पर हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए काफी दबाव था। इसके बाद जौनपुर पुलिस को यह कामयाबी मिली है।
दरअसल, 1 मई को खेतासराय थाना इलाके के मनेछा में शादी करने के लिए जा रहे दूल्हे आजाद बिन्द की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है की सरायख्वाजा थाना इलाके के बड़उर गांव के आजाद की शादी बीबीपुर के गोरखनाथ बिन्द की बेटी के साथ तय हुई थी। इसके बाद आजाद धूमधाम से बारात निकालकर जा रहा था। जैसे ही दूल्हा मनेछा पहुंचा वैसे ही बाइक सवार दो लोग आए और आजाद को गोली मार दी।
बताया जा रहा है कि इस दौरान बाइक का नंबर प्लेट ढक दिया गया था और बाइक चलाने वाले लोग मुंह बांधकर कार के बराबर बाइक के चला रहे थे। इसके बाद ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर आजाद को घायल किया गया, जिसके बाद कार चालक ने गाड़ी सीधे अस्पताल के लिए मोड़ दिया। वहीं, अस्पताल में डॉक्टर ने दूल्हे आजाद को मृत घोषित कर दिया।
Updated on:
25 May 2026 07:20 am
Published on:
25 May 2026 07:13 am
बड़ी खबरें
View Allजौनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
