
AI image (chatgpt)
Mirzapur news: मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां मौत के 45 दिन बाद भी वृद्ध के शव का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है। इसके कारण परिवार के लोग काफी चिंतित और परेशान हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में वृद्ध का पोस्टमार्टम कागज के हेरफेर में फंसा हुआ है। इसी वजह से अंतिम संस्कार करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पिछले एक सप्ताह से घर में चूल्हा तक नहीं जल पाया है।
जानकारी के मुताबिक, तुलसी गांव के रहने वाले 65 वर्षीय मुन्नीलाल यादव की मौत के बाद भी उनका पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि वह 11 अप्रैल को लापता हो गए थे और 26 मई को उनका शव घर से 3 किलोमीटर दूर जंगल से बरामद हुआ था। बताया जा रहा है कि उनका शव फांसी के फंदे से झूल रहा था और शरीर में केवल कंकाल ही बचा था। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके शव को नीचे उतर कर पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी के सर सुंदरलाल अस्पताल भेज दिया था।
बताया जा रहा है कि सर सुंदरलाल अस्पताल में शव पहुंचने के बाद अभी तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। परिजनों ने बताया है कि अस्पताल प्रशासन ने रेफर किए गए कागजात में कमियां होने के कारण पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया है। वहीं, पीड़ित परिवार ने मिर्जापुर के जिलाधिकारी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद मिर्जापुर डीएम कार्यालय से वाराणसी के जिलाधिकारी कार्यालय में पत्र भेजा जाएगा और वाराणसी जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सीएमओ की गठित की गई टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।
मृतक के परिवार के लोगों ने बताया है कि इसके कारण उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हिंदू रीति रिवाज में जब तक अंतिम संस्कार ना हो जाए तब तक घर में चूल्हा नहीं जलता है। यही कारण है कि उन्होंने 26 मई से अब तक घर में चूल्हा नहीं जलाया है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों के यहां घर के बच्चे जाकर खाना खा रहे हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पानी पीकर और उबला हुआ आलू खाकर अपना पेट भर रहे हैं।
पुलिस ने बताया है कि मुन्नीलाल यादव का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। इस वजह से उनकी मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अनिवार्य है। इससे इस बात का भी खुलासा हो सकेगा कि उन्होंने आत्महत्या की है या उनकी हत्या हुई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया वाराणसी के सर सुंदरलाल अस्पताल में ही होनी है। पुलिस ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए मिर्जापुर जिलाधिकारी के कार्यालय से वाराणसी जिलाधिकारी कार्यालय के लिए पत्र भेजा जा रहा है। जल्द ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Published on:
31 May 2026 01:29 pm
बड़ी खबरें
View Allमिर्जापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
