मिर्जापुर

मोबाइल टावर पर चढ़ा और झूल गया, मिर्जापुर में हिस्ट्रीशीटर ने फांसी लगाकर दी जान, सामने आई ये वजह

मिर्जापुर में एक जुनैद नामक शख्स ने मोबाइल के टावर पर चढ़कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि उसका उसके परिवार से ही विवाद चल रहा था और परिजन उससे बात नहीं करते थे...

less than 1 minute read

मिर्जापुर: कटरा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर ने मोबाइल टावर पर चढ़कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि उसका अपने परिवार से विवाद चल रहा था और परिवार के लोग उससे बातचीत नहीं करते थे। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

परिवार के लोग नहीं करते थे बात

जानकारी के मुताबिक, नटवा गांव का रहने वाला और कटरा कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर जुनैद (25) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों से ही उसका विवाद चल रहा था और लोग उसे तवज्जो नहीं देते थे, इसके कारण वह दुखी और परेशान रहता था।

पास के ही मोबाइल टावर पर चढ़ा

जुनैद घर के पास में ही लगे मोबाइल टावर के ऊपर चढ़ गया और उसमें रस्सी के सहारे फांसी का फंदा बना लिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस उसे समझाने का प्रयास करती रही। इसी दौरान जुनैद फंदे से झूल गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा और अस्पताल भिजवाया।

दर्ज हैं कई मुकदमे

वहीं, अस्पताल में पहुंचे जुनैद को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने जुनैद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, जुनैद के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर भी था।

Published on:
07 Mar 2026 01:42 pm
Also Read
View All

अगली खबर